बिजनौर में रबड़ फैक्‍ट्री में हादसे में एक श्रमिक की मौत, दो गंभीर, सीएम योगी ने तलब की रिपोर्ट

बिजनौर के नगीना मार्ग पर शनिवार को एक रबड़ फैक्ट्री हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई थी जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए। रविवार को मुख्यमंत्री की ओर से संज्ञान लेने के बाद अफसर फैक्ट्री की ओर दौड़ पड़े और यहां पर उन्‍होंने जांच की।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 02:43 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 02:43 PM (IST)
बिजनौर में रबड़ फैक्‍ट्री में हादसे में एक श्रमिक की मौत, दो गंभीर, सीएम योगी ने तलब की रिपोर्ट
बिजनौर में शनिवार को एक रबड़ में हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई।

बिजनौर, जेएनएन। शहर कोतवाली क्षेत्र के नगीना मार्ग पर शनिवार को एक रबड़ फैक्ट्री हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई थी, जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए। रविवार को मुख्यमंत्री की ओर से संज्ञान लेने के बाद अफसर फैक्ट्री की ओर दौड़ पड़े। एडीएम और एसपी सिटी ने फैक्ट्री में जांच की। स्टाफ और मैनेजर से पूछताछ की गई है। हालांकि फैक्ट्री मैनेजर ने पीड़ित पक्ष से समझौते होने की बात कही है।

यह है मामला

नगीना मार्ग पर स्थित रबड फैक्ट्री में शनिवार को बायलर के पाइप को श्रमिक ठीक कर रहे थे। इसमें गर्म पानी के साथ स्टीम भी भरी होती है। इसी दौरान खोलता पानी काम कर रहे शहर कोतवाली के गांव रावणपुर निवासी 47 वर्षीय प्रकाशचंद शर्मा, गांव गंगावाला निवासी सुरेश और गांव गंगोडा शेख निवासी सुभाष पर गिर गया। तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। प्रकाशचंद शर्मा की हालत गंभीर देख उसे दिल्ली भेजा गया। बाकी दो को बिजनौर बीना प्रकाश हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। प्रकाशचंद शर्मा की शनिवार को दिल्ली में मौत हो गई थी।

प्रशासन ने कर्मियों की जानकारी जुटाई

फैक्ट्री प्रबंधन ने पीड़ित पक्ष से समझौता कर लिया। पुलिस-प्रशासन को इसकी सूचना नहीं दी गई। मामला मीडिया में आने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया। एडीएम भगवान शरण और एसपी सिटी प्रवीण रंजन, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता फैक्ट्री पहुंच गए। इस दौरान फैक्ट्री में दो घंटे जांच की। मैनेजर दिवाकर झा से पूछताछ के बाद कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई गई। एक टीम मृतक के गांव भेजी गई है। एसपी सिटी प्रवीण रंजन ने बताया कि जांच की जा रही है। मृतक का अंतिम संस्कार हो चुका है। पीड़ित पक्ष से तहरीर लेने के लिए पुलिस गांव भेजी गई है।

मुख्यमंत्री ने मांगी आख्या

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुए घायलों के शीघ्र ही स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन से जांच कर आख्या मांगी है। सीएम के संज्ञान के बाद अफसरों में हलचल है।

chat bot
आपका साथी