पहले ही दिन व्यवस्था धड़ाम, हर तरफ जाम

रैपिड रेल के निर्माण कार्य के चलते शुक्रवार दोपहर से दिल्ली रोड पर रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई जो पहले ही दिन धड़ाम हो गई। दिल्ली रोड से टीपीनगर और बागपत रोड पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। विपरीत दिशा में वाहन दौड़ने से स्थिति और खराब हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 08:40 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 08:40 AM (IST)
पहले ही दिन व्यवस्था धड़ाम, हर तरफ जाम
पहले ही दिन व्यवस्था धड़ाम, हर तरफ जाम

मेरठ, जेएनएन। रैपिड रेल के निर्माण कार्य के चलते शुक्रवार दोपहर से दिल्ली रोड पर रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई, जो पहले ही दिन धड़ाम हो गई। दिल्ली रोड से टीपीनगर और बागपत रोड पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। विपरीत दिशा में वाहन दौड़ने से स्थिति और खराब हो गई। हालांकि ट्रैफिक पुलिस के साथ ही थाना पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी थी। बावजूद इसके लोगों को खूब परेशानी झेलनी पड़ी।

दिल्ली रोड पर शुक्रवार दोपहर 12 बजे से रूट डायवर्जन होना था, लेकिन ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क पर ही खड़े वाहनों को हटाने में करीब एक घंटा लग गया। दोपहर एक बजे दिल्ली रोड को बैरियर लगाकर बंद किया गया। इसके बाद दिल्ली की ओर से आ रहे वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर में डायर्वट किया गया। जैसे ही वाहन थाने के पास बागपत रोड पर पहुंचे तो जाम लगना शुरू हो गया। मलियाना की ओर से आने वाले वाहनों के साथ ही फुटबाल चौराहे की ओर से भी ट्रैफिक चल रहा था, जिसके चलते टी-प्वाइंट पर तीनों ओर से वाहन एक-दूसरे के सामने आ गए। देखते ही देखते वाहनों की कतारें लग गई। दोपहर एक बजे से रात तक जाम का झाम लगा रहा।

विपरीत दिशा में दौड़े वाहन

टीपीनगर में दिल्ली ओर से आने वालों को डायवर्ट किया जा रहा था, वहीं विपरीत दिशा से भी खूब वाहन दौड़ रहे थे। इसके चलते ही दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों को रोका, जिसके बाद कुछ सुधार हुआ। हालांकि फिर भी जाम लगा रहा।

खूब हुई नोकझोंक

पहले दिन पुलिसकर्मियों को लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक और कार चालकों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हुई। कुछ वाहन चालक बागपत रोड से दिल्ली रोड पर जाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में घुस गए। दिल्ली रोड के पास पहुंचते ही उनको पुलिसकर्मियों ने रोककर वापस जाने को कहा था।

दो शिफ्ट में लगी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी

ट्रैफिक पुलिस ने दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई है। पहली शिफ्ट सुबह सात से दो बजे तक है, जबकि दूसरी शिफ्ट दो बजे से रात 10 बजे तक है। इस दौरान दो टीआइ, दो टीएसआइ, आठ हेड कांस्टेबल, 15 सिपाहियों के साथ ही आठ होमगार्ड भी लगाए गए हैं। ड्यूटी ट्रांसपोर्ट नगर के गेट पर, टीपीनगर थाने के पास बागपत रोड पर, फुटबाल चौराहे के साथ ही मलियाना फ्लाईओवर पर भी लगाई गई है। इसी तरह, टीपीनगर थाना पुलिस ने भी दो शिफ्ट में तीन जगहों पर ड्यूटी लगाई है। सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक और रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक थाने के पास टी प्वाइंट पर एक हेडकांस्टेबल और सिपाही रहेंगे। यही व्यवस्था फुटबाल चौराहे और दिल्ली रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के गेट पर भी है।

जरा, इनकी पीड़ा भी सुनिए

20 से मिनट से फंसा हुआ हूं : मनोज

रिठानी निवासी बाइक सवार मनोज ने बताया कि उन्हें बेगमपुल जाना था। ट्रांसपोर्ट नगर से बागपत रोड की ओर भेज दिया। यहां जाम इतना है कि 20 मिनट से फंसा हूं। जाम से बचने को कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।

आधे घंटे फंसे रहे, कुछ इंतजाम नहीं : विकास

शास्त्रीनगर निवासी विकास शुक्रवार सुबह कार से मोदीनगर गए थे। दोपहर करीब दो बजे लौट रहे थे। घंटाघर जाना था, लेकिन टीपीनगर के पास पहुंचते ही रूट डायवर्ट मिला। यहां फंसे हुए आधा घंटे से ज्यादा हो गया है। टीपीनगर ही पार नहीं हो पा रहा है।

देरी के चलते नहीं हो सकेगा काम : शिवानी

मलियाना निवासी शिवानी को स्कूटी से बेगमपुल जाना था। टीपीनगर थाने के पास भीषण जाम में फंस गईं। फुटबाल चौराहे से आने वाला ट्रैफिक और टीपीनगर से निकलने वाले ट्रैफिक की वजह से जाम से छुटकारा नहीं मिल रहा है। देरी की वजह से काम भी नहीं हो पाएगा।

एक साल ऐसे ही झेलना पड़ेगा : आकांक्षा

कार सवार आकांक्षा ने बताया कि वह आधे घंटे से जाम में फंसी हैं। सबसे अधिक दिक्कत बागपत रोड टी-प्वाइंट पर आ रही है। यहां तीन तरह से वाहनों के आने के चलते व्यवस्था ही नहीं बन पा रही है। यहां अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाकर लोगों को राहत देने की जरूरत है।

chat bot
आपका साथी