दारोगा से दोस्ती, फिर ब्लैकमेल और अब दुष्कर्म का आरोप

तीन साल पहले शुरू हुई दारोगा और महिला की दोस्ती ब्लैकमेल से लेकर दुष्कर्म के घिनौने आरोप तक पहुंच गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 07:44 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 07:44 PM (IST)
दारोगा से दोस्ती, फिर ब्लैकमेल और अब दुष्कर्म का आरोप
दारोगा से दोस्ती, फिर ब्लैकमेल और अब दुष्कर्म का आरोप

मेरठ, जेएनएन। तीन साल पहले शुरू हुई दारोगा और महिला की दोस्ती ब्लैकमेल से लेकर दुष्कर्म के घिनौने आरोप तक पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार महिला और दारोगा के वायरल वीडियो और फोटो से साफ है कि दोनों में दोस्ताना संबंध थे। दूसरी तरफ, महिला ने मीडियाकर्मियों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में दारोगा को अपना भाई बताया था। ऐसे में पुलिस महिला और दारोगा के तीन साल के संबंधों की भी तफ्तीश करेगी।

माधवपुरम में तैनाती के समय दारोगा अरुण कुमार की इस महिला से मुलाकात हुई थी। इसके बाद कई पार्टियों में दारोगा और महिला को साथ देखा गया। अचानक दोनों तरफ से ब्लैकमेलिंग शुरू हो गई। आरोप है कि दारोगा ने महिला की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। वहीं, महिला ने सरस्वती लोक में 28 लाख में मकान खरीदना तय किया। दारोगा के खाते से महिला को डेढ़ माह पहले छह लाख की रकम दी गई थी। उसने यह रकम मकान खरीदने में लगाई। दारोगा की पत्नी आरती ने बताया कि अब महिला मकान के लिए अरुण से 15 लाख रुपये माग रही थी। रकम नहीं देने पर अरुण को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी भी दी थी। इसके बावजूद दारोगा ने रकम देने से इन्कार कर दिया। इसपर महिला ने दारोगा पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। एसपी देहात केशव कुमार की अब तक की जाच में सामने आया है कि महिला अपनी मर्जी से दारोगा के साथ घूमती थी।

गौरतलब है कि गुरुवार को महिला ने एसएसपी आफिस में जनसुनवाई अधिकारी सीओ ब्रजेश सिंह से लिखित शिकायत करते हुए आरोपित दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सीओ ने महिला को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन भी दिया था। वर्तमान में दारोगा अरुण कुमार मेरठ के ही हस्तिनापुर क्षेत्र में तैनात है।

chat bot
आपका साथी