आप के भी तरकश से निकले राष्ट्रवादी तीर

सियासत में वक्त के साथ एजेंडा भी बदल जाता है। पश्चिम उप्र का सियासी मिजाज भांपते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किसान महापंचायत में राष्ट्रवादी एजेंडे को धार दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 07:00 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 07:00 AM (IST)
आप के भी तरकश से निकले राष्ट्रवादी तीर
आप के भी तरकश से निकले राष्ट्रवादी तीर

मेरठ, जेएनएन। सियासत में वक्त के साथ एजेंडा भी बदल जाता है। पश्चिम उप्र का सियासी मिजाज भांपते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किसान महापंचायत में राष्ट्रवादी एजेंडे को धार दी। किसानों को देशभक्त बताते हुए भावनात्मक तार जोड़ने का प्रयास किया। कहा कि किसान का एक बेटा गाजीपुर बार्डर और दूसरा भारत-चीन और भारत पाकिस्तान बार्डर पर डटा है। पार्टी के मंच से कई बार भारत माता की जय, वंदेमातरम, जय जवान-जय किसान का नारा लगा। इस बहाने पार्टी भाजपा के राष्ट्रवादी एजेंडे का भी जवाब तलाशती नजर आई।

सीमा पर डटे जवानों का दिया वास्ता

आम आदमी पार्टी की किसान महापंचायत में सियासत नए अंदाज में तैरती नजर आई। पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने मंच पर पूरी तरह राष्ट्रवादी पटकथा तैयार कर लिया था। पाकिस्तान की सीमा पर सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर केंद्र सरकार से प्रमाण मांगने वाले केजरीवाल यहां नए अंदाज नजर में नजर आए। माइक संभालते ही भारत माता की जय, इंकलाब-जिंदाबाद और वंदेमातरम का नारा लगाया। किसानों को खांटी राष्ट्रभक्त बताते हुए उन्हें साधने का प्रयास किया। कहा कि केंद्र सरकार राष्ट्रभक्त किसानों को आतंकी बताते हुए उन राष्ट्रद्रोह के मुकदमे दर्ज कर रही है। केजरीवाल जानते हैं कि पश्चिम उप्र से बड़ी संख्या में किसानों के पुत्र सेना में हैं, इसीलिए उन्होंने नब्ज पर हाथ रखने का प्रयास किया। कहा कि एक ओर किसानों के बेटे सीमा पर देश की सुरक्षा कर रहे हैं, और यहां केंद्र सरकार धरने पर बैठे जवानों के घरवालों को आतंकी कह रही है।

किसान हैं बड़े देशभक्त

अरविंद केजरीवाल भले ही किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते नजर आए, लेकिन संबोधन के दौरान वो राष्ट्रवादी पिच पर डटे रहे। किसानों के आंदोलन को देशभक्तों का आंदोलन बताया। भाकियू नेता राकेश टिकैत के आंसुओं की चर्चा करते हुए किसानों से अपनापन दिखाया, वहीं चौ. चरण सिंह एवं महेंद्र सिंह टिकैत का नाम लेकर उन्हें भावुक भी किया। राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन किया गया।

chat bot
आपका साथी