मुजफ्फरनगर : चुनावी रंजिश में देररात दो पक्षों में मारपीट, गोली लगने से दो गंभीर

क्षेत्र में चुनावी रंजिश जारी है। मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर में थाना क्षेत्र के गांव शाहजुड्डी में सोमवार की देर रात चुनावी रंजिश में गोली चलने से प्रधान पक्ष के दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। देररात ही पुलिस अधिकारियों ने आरोपितों के लिए दबिश दी।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 12:40 AM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 07:22 AM (IST)
मुजफ्फरनगर : चुनावी रंजिश में देररात दो पक्षों में मारपीट, गोली लगने से दो गंभीर
मुजफ्फरनगर में चुनावी रंजिश में गोली चलने से प्रधान पक्ष के दो लोग घायल हो गए।

मुजफ्फरनगर, जेएनएन। पंचायत चुनावों के बाद रंजिशों का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर में थाना क्षेत्र के गांव शाहजुड्डी में सोमवार की देर रात चुनावी रंजिश में गोली चलने से प्रधान पक्ष के दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। शाहपुर के गांव शाहजुड़डी में चुनाव के बाद से प्रधानी लड़े दो पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। दोनों पक्ष में टीका टिपण्णी चलती आ रही थी।

आरोप है कि सोमवार देर रात गांव में प्रधानी का चुनाव जीतने वाले यशवीर को व पक्ष के लोगों को चुनाव हारने वाले पक्ष के समर्थक ने लॉडस्पीकर से गाली देनी शुरू कर दी। जिसको लेकर प्रधान पक्ष के गजेंद्र व विश्वेन्द्र मौके पर पहुंच गए। जहां दोनों पक्षों के समर्थकों में कहासुनी गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गयी। उसी दौरान गोली चलने से प्रधान पक्ष के गजेंद्र पुत्र महीपाल व विश्वेन्द्र पुत्र जयपाल को गोली लग गई।

दोनों को शाहपुर सीएचसी पर लाया गया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल से गंभीर हालात में दोनों घायलों को मेरठ रेफर कर दिया गया। शाहपुर में चुनावी रंजिश का सोमवार को दूसरा मामला है। शाहजुड़डी में गोली चलने की घटना के बाद पुलिस गांव में पहुंची जब तक आरोपित पक्ष फरार हो गया था। देर रात को गांव में भारी पुलिस बल तैनात था। शाहजुड़डी में गोली चलने की घटना के बाद एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव सीओ बुढाना विनय गौतम के साथ थाना प्रभारी संजीव कुमार, बुढाना, तितावी, भौराकलां व तितावी थानों की पुलिस गांव में व जंगलों में दबिश दे रही है।

chat bot
आपका साथी