मुजफ्फरनगर में पत्नी पर छुरे से किया जानलेवा हमला, भाग रहे आरोपित को लोगों ने पकड़ा
रतनपुरी थाना क्षेत्र निवासी युवक ने ससुराल में आकर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपित ने पत्नी पर छुरे से प्रहार किया जिसके चलते पीड़िता जख्मी हो गई। शोर-शराब होने पर मौके पर स्वजन और मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। ससुराल में आकर आरोपित की मारपीट-हंगामा।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। रतनपुरी थाना क्षेत्र निवासी युवक ने ससुराल में आकर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपित ने पत्नी पर छुरे से प्रहार किया, जिसके चलते पीड़िता जख्मी हो गई। शोर-शराब होने पर मौके पर स्वजन और मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। हमला कर भाग रहे आरोपित को छुरे समेत पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है।
यह है मामला
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी छह वर्ष रतनपुरी क्षेत्र के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। दांपत्य जीवन में कलह के चलते विवाहिता अपने मायके में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि शुक्रवार की शाम को आरोपित उसका पति अपने साथ एक अज्ञात व्यक्ति को लेकर उसके घर आया। यहां उसने विवाद में फैसला करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपित ने गाली-गलौच कर विवाहिता पर छुरा से हमला कर दिया। छुरा विवाहिता के हाथ में लगने वह घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर स्वजन दौड़ पड़े। पति के साथ आया अज्ञात भाग खड़ा हुआ, जबकि भीड़ ने आरोपित को छुरे समेत पकड़ लिया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़िता ने दुष्कर्म व धमकियां देने के भी आरोप लगाए हैं।
उधर, पुलिस ने मामले की तहरीर लेने से हाथ खड़े कर दिए। ग्रामीणों के दबाव और हंगामा होने की आशंका के चलते तहरीर ली गई। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आरोपित को पकड़ा गया है। मामला परिवारिक रंजिश का है। तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है।