मेरठ में कारीगर की हत्‍या : एक घंटे तक पुलिस-परिवार से घटना को छिपाए रखा, शव आने के बाद हुई थी जानकारी

विपिन की हत्या को एक घंटे तक पुलिस और परिवार से छिपाकर रखा गया। अस्पताल से शव घर लाने के बाद पुलिस और परिवार को हत्या की जानकारी दी गई। पुलिस जांच कर रही है कि अपने बचाव के लिए तो पुनीत कार से विपिन को अस्पताल नहीं ले गया।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 03:52 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 03:52 PM (IST)
मेरठ में कारीगर की हत्‍या : एक घंटे तक पुलिस-परिवार से घटना को छिपाए रखा, शव आने के बाद हुई थी जानकारी
मेरठ में कारीगर की ठेकेदार ने कर दी हत्‍या।

मेरठ, जेएनएन। विपिन कुमार की हत्या को एक घंटे तक पुलिस और परिवार से छिपाकर रखा गया। अस्पताल से शव घर लाने के बाद पुलिस और परिवार को हत्या की जानकारी दी गई। पुलिस जांच कर रही है कि अपने बचाव के लिए तो पुनीत कार से विपिन को अस्पताल नहीं ले गया था।

..तो हो जाती आगजनी

विपिन की मौत के बाद सैनी गांव के लोग आक्रोशित थे। समय रहते गंगानगर पुलिस भीड़ को काबू नहीं करती तो पुनीत के घर को आग लगा दी जाती। पुलिस ने भीड़ के इरादे भांप कर पहले ही पुनीत के घर पर ताला लगा दिया था। दरअसल, विपिन के दम तोड़ने के बाद पुनीत और उसका परिवार घर से फरार हो गया था। पुलिस की टीम पुनीत की तलाश में उसके रिश्तेदारों से संपर्क कर रही है। साथ ही लाइसेंसी पिस्टल बरामद करने की कवायद में जुटी है।

पहले भी पुनीत गर्ग के विरुद्ध फूटा था गुस्सा

नेहरूनगर निवासी टावर ठेकेदार पुनीत गर्ग के विरुद्ध पहले भी आसपास कालोनी के लोगों का गुस्सा फूट चुका है। पुनीत ने अपने घर के ऊपर ही मोबाइल टावर लगा रखा है, जिसका कालोनी के लोगों ने विरोध किया था। उस समय पुनीत गर्ग ने पुलिस का सहारा लेकर विरोध के बावजूद टावर घर के ऊपर लगवा दिया था। पुनीत गाड़ी पर पुलिस लिखकर रौब गालिब करता था। पुनीत गर्ग के परिवार में पत्नी अंजलि गर्ग और मां सरोज गर्ग कोरोना पाजिटिव हैं। घटना के बाद पुनीत मां और पत्नी को भी घर से कार में साथ ले गया।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही मिटा दिया क्राइमसीन

पुनीत के घर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उनमें पूरा घटनाक्रम कैद हो गया था। इसलिए पुनीत गर्ग सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ही उखाड़ कर ले गए। विपिन की हत्या के बाद उसके स्वजन ने पुनीत के घर में घुसकर तोड़फोड़ का भी प्रयास किया था। इंस्पेक्टर ने लोगों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ हाथापाई की गई, जिसकी वीडियो भी वायरल हुई।

घर में मचा कोहराम

विपिन की पत्नी नीलम और उसके दो बेटी और एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। विपिन की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुनीत गर्ग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की टीम लगा दी है। लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी गंगानगर पुलिस को भेजने के आदेश दिए हैं। 

chat bot
आपका साथी