दंपती की हत्या का आरोपित गिरफ्तार

सिटी गार्डन कालोनी में दंपती की हत्या का प्रकरण। घर से दूर खड़ी की थी बाइक कपड़े भी बदल लिए थे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 08:40 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 08:40 AM (IST)
दंपती की हत्या का आरोपित गिरफ्तार
दंपती की हत्या का आरोपित गिरफ्तार

मेरठ,जेएनएन। दंपती की नृशंस हत्या करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर छुरी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए। पूछताछ में उसने बताया कि महिला ने उसके साथ रहने से मना कर दिया था। इस कारण हत्याकांड को अंजाम देने की योजना बनाई। वारदात की रात वह पूरी तैयारी से आया था इसलिए मोबाइल फोन बंद कर बाइक भी घर से दूर खड़ी कर दी थी।

ब्रह्मापुरी थाना क्षेत्र के सिटी गार्डन में आबाद, पत्नी जाविदा और बच्चों के साथ रहता था। उनके घर पर समीर उर्फ हसीन का आना-जाना था। सोमवार देर रात समीर ने दंपती की गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एसपी सिटी विनीट भटनागर ने बताया कि पुलिस को सिर्फ आरोपित के नाम की जानकारी थी। सर्विलांस टीम के साथ ही आसपास लगे सभी सीसीटीवी खंगालने का काम शुरू हुआ। आरोपित देर रात घर से दूर बाइक से जाता दिखाई दिया। किसी तरह पता चला कि वह सरूरपुर थाना क्षेत्र के गोटका गांव का रहने वाला है। इसके बाद कई टीमें लगाकर रिश्तेदारों के यहां पर दबिश दी गई। बुधवार को उसे मेवला फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि छुरी घटनास्थल पर ही एक बड़े ड्रम में फेंक दी थी, वहीं खून से सने पकड़े लिसाड़ी गेट में अपने एक रिश्तेदार के यहां बदलकर चला गया था। पुलिस ने आरोपित को मात्र 30 घंटे में ही पकड़ लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया।

जाविदा पर लाखों रुपये खर्च किए

आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह शादियों में आतिशबाजी करने का काम करता है। करीब सात-आठ माह पहले जाविदा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद घर पर आना-जाना शुरू हो गया था। वह उसे पसंद करने लगा था। वह उस पर दो-तीन लाख रुपये खर्च कर चुका था। वह जाविदा को अपने साथ रहने के लिए कह रहा था। इसकी जानकारी उसके पति को भी लग गई थी। दोनों इसका विरोध कर रहे थे। इसके चलते ही उसने हत्याकांड को अंजाम दिया।

पहले पति, फिर पत्नी को मारा

समीर ने बताया कि उसके सिर पर खून सवार था। वह पूरी योजना से आया था। मोबाइल फोन को बंद कर दिया था। बाइक को घर से दूर खड़ा किया था और बीयर, मुर्गा और चाउमीन लेकर घर गया था। रात को जब सब सो गए, तो पहले उसने आबाद की हत्या की। इसके बाद जाविदा को मौत के घाट उतार दिया। उसने गर्दन, गला और पेट पर कई वार किए थे।

chat bot
आपका साथी