मेरठ में निर्भया जैसी वारदात : चलती बस में ड्राइवर कंडक्टर ने रातभर किया दुष्कर्म, सुबह बस से फेंंक हुए फरार Meerut News
मेरठ में चलती बस में महिला से साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात का मामला सामने आया है। बस के चालक और परिचालक ने महिला को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रातभर बस में रखकर दुष्कर्म किया। पुलिस जांच कर रही है।
मेरठ, जेएनएन। शनिवार की सुबह सनसनीखेज वारदात से हर किसी की रूह कांप गई। दिल्ली के निर्भया कांड की तर्ज पर मेरठ में चलती बस के अंदर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। चालक और परिचालक ने ही महिला को शराब पिलाकर रातभर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। सुबह होने पर महिला को दिल्ली रोड स्थित मेवला पुल के पास फेंक दिया। वारदात का शासन ने भी संज्ञान लिया है। पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा है। पीडि़ता के मोबाइल की लोकेशन से पता चला है कि बस ज्यादातर परतापुर क्षेत्र में घूमती रही। पुलिस भैंसाली और सोहराबगेट बस स्टैंड की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
मिर्जापुर जिले के छिनौती की रहने वाली महिला की तीन साल पहले सरूरपुर थाने के एक गांव निवासी युवक से विवाह हुआ था। महिला ने शादी के 15 दिन बाद युवक के साथ रहने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद युवक के छोटे भाई ने महिला से शादी कर ली थी। महिला इस समय एक बच्चे की मां है। शुक्रवार की शाम को चार बजे महिला अपने ससुराल से मायके के लिए निकली थी। आटो में सवार होकर बेगमपुल पहुंची। वहां से ई-रिक्शा में बैठकर रोडवेज बस स्टैंड पर आ गई। महिला ने पूछताछ में बताया कि वहां से गाजियाबाद की बस में सवार हो गई। महिला ने बताया कि बस परिचालक ने सभी सवारी उतार दी।
चालक और परिचालक ने झांसा दिया कि वह उसे गाजियाबाद से कानपुर की बस में बैठा देंगे। उसके बाद बस रोककर उसे जबरन शराब पिलाई। नशे में होने के बाद चालक और परिचालक ने चलती बस में महिला से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला का मोबाइल भी छीन लिया। पांच बजे महिला को ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित मेवला पुल के पास सड़क किनारे फेंक दिया। ब्रह्मपुरी पुलिस ने महिला को एंबुलेंस में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला के पति पुलिस ने पूछताछ की। उसके बाद सदर बाजार और ब्रह्मपुरी पुलिस संयुक्त रूप से भैंसाली और सोहराबगेट बस स्टैंड से निकलने वाली सभी बसों की सीसीटीवी फुटेज देख रही है। आरोपित चालक और परिचालक का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने पीडि़ता को अस्पताल की चौखट पर छोड़ा
हद तो यह हो गई कि थाना विवाद में उलझी पुलिस पीडि़ता को अस्पताल की चौखट पर छोड़कर चली गई। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेडिकल के बाद कार्रवाई
महिला ने बस के चालक और परिचालक पर दरिंदगी का आरोप लगाया है। उसका मेडिकल कराया है। पुलिस की तीन टीम चालक और परिचालक को तलाश रही हैं। -अजय साहनी, एसएसपी।