संगीत सोम का बड़ा बयान, कहा- सपा राज में हिंदू-मुस्लिमों पर हुए अत्याचार, भाजपाइयों को बनाया टारगेट
संगीत सोम ने कहा कि मुजफ्फरनगर का दंगा भी सपा की देन था। उन्होंने अखिलेश यादव की अंतिम मुगल शासक से तुलना कर दी। पुलिस भी एक सूत्रीय कार्यक्रम सपा के पक्ष में ही कर रही थी। मगर अब योगी सरकार में न्याय हो रहा है।
मेरठ, जेएनएन। सपा के शासनकाल में हिंदू हो या मुस्लिम दोनों ही धर्म के लोगों पर अत्याचार हुए थे। भाजपाइयों को टारगेट बनाकर झूठे केस दर्ज करवाए गए। मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान भाजपा नेताओं पर फर्जी केस दर्ज करवाए। यह बातें सरधना से विधायक संगीत सोम ने रविवार को लावड़ के पास भगवानपुर गांव में सड़क उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहीं। विधायक के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान समेत भाजपा नेता भी मौजूद थे।
संगीत सोम ने कहा कि मुजफ्फरनगर का दंगा भी सपा की देन था। उन्होंने अखिलेश यादव की अंतिम मुगल शासक से तुलना कर दी। पुलिस भी एक सूत्रीय कार्यक्रम सपा के पक्ष में ही कर रही थी। मगर, अब योगी सरकार में न्याय हो रहा है। सपा के समय घटनाएं छुपाई जाती थीं, अब केस दर्ज कर आरोपित पर कार्रवाई होती है। कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में योगी सरकार पूर्ण बहुमत से दोबारा बनेगी। इस बार प्रदेश में सपा को 22 सीट भी मिल जाएं तो गनीमत है।
इंटरनेट मीडिया के हैं सपा नेता
विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव समेत सपा के नेता सिर्फ इंटरनेट मीडिया तक सीमित हैं। कोरोना काल में एक भी सपा नेता ने सड़क पर उतरकर जरूरतमंदों की मदद नहीं की। भाजपा नेताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर मजदूर, जरूरतमंदों को खाना व अन्य सामान उपलब्ध कराया। कोरोना से भाजपा के सात विधायकों की मौत हुई, क्योंकि वह जनता के बीच में थे। सपा को पंचायत अध्यक्ष के लिए एक भी प्रत्याशी नहीं मिल पा रहा है। सैफई उत्सव में कलाकारों को नचाकर अरबों खर्च होते हैं, जबकि हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्मदिन सादगी से मनाया।