Mission UP 2022: पश्चिमी यूपी में ब्राह्मणों को साधने में जुटी भाजपा, विधायक से लेकर दिग्‍गज नेता कर रहे तैयारी

यूपी में ब्राह्मणों को लेकर राजनीति नए सिरे से खदबदा रही है। बसपा ने अयोध्या से ब्राह्मणों को रिझाने के लिए शंखनाद कर दिया वहीं सपा 23 अगस्त से सूबे में ब्राह्मण सम्मेलन करेगी। ऐसे में भाजपा मंदिरों के पुजारियों की परिक्रमा कर ब्राह्मणों को साधने में जुट गई है।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 12:38 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 12:38 PM (IST)
Mission UP 2022: पश्चिमी यूपी में ब्राह्मणों को साधने में जुटी भाजपा, विधायक से लेकर दिग्‍गज नेता कर रहे तैयारी
वेस्‍ट यूपी में ब्राह्मणों को साधने में जुटी भाजपा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश में ब्राह्मणों को लेकर राजनीति नए सिरे से खदबदा रही है। बसपा ने अयोध्या से ब्राह्मणों को रिझाने के लिए शंखनाद कर दिया, वहीं सपा 23 अगस्त से सूबे में ब्राह्मण सम्मेलन करेगी। ऐसे में सत्तासीन भाजपा मंदिरों के पुजारियों की परिक्रमा कर ब्राह्मणों को साधने में जुट गई है। इसे बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा पश्चिमी उप्र में भी ब्राह्मण चेहरों को विशेष तवज्जो दे सकती है।

मंदिरों की चौखट पर पार्टी : गुरुपूर्णिमा के दिन भाजपा ने मठ, मंदिर-महंत गुरुपूजा महोत्सव मनाया। महानगर उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी को इस कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया था। उन्होंने बताया कि कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल सदर थाने के पास स्थित बिल्वेश्वर मंदिर में पुजारी हरीश जोशी और विष्णुदत्त शर्मा से मिले। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बागपत रोड शिवचौक मंदिर, शारदा रोड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर, ब्रह्मपुरी स्थित शिवमंदिर, तीरगरान स्थित भैरो मंदिर और बाबा औघड़नाथ मंदिर के पुजारियों को अंगवस्त्र और श्रीफल देकर उनका अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने जैन मुनियों से भी आशीर्वाद लिया। वहीं, औघड़नाथ मंदिर में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने पुजारी श्रीधर त्रिपाठी से मिलकर श्रीफल भेंट किया और आशीर्वाद लिया। मेरठ दक्षिण विधायक डा. सोमेंद्र तोमर जागृति विहार की पीतांबरा पीठ के महंत सुरेंद्रनाथ त्रिपाठी को प्रणाम करने पहुंचे। सदर स्थित बालाजी मंदिर में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल व मोदीपुरम स्थित देवमंदिर और पल्लवपुरम स्थित साईं मंदिर में महानगर मंत्री गौरव मलिक पुजारियों से मिले। साथ ही श्रद्धापुरी में रामकथा व्यास अखिल दास से महानगर इकाई ने मिलकर उनका सम्मान किया। वहीं, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, विधायक जितेंद्र सतवाई, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और कई अन्य ने टीकरी आश्रम पहुंचकर स्वामी विवेकानंद से आशीर्वाद लिया। 

chat bot
आपका साथी