सहारनपुर में मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने गिनाईं उपलब्धियां, बोले-संकल्प पत्र के वादों को पूरा किया है योगी सरकार ने
Minister Suryapratap Shahi कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में सरकार ने लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए सभी वादों को पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने सहारनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। Minister Suryapratap Shahi उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर रविवार को प्रदेश के कृषि एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए सभी वादों को पूरा करने का प्रयास किया है। लगातार सुरक्षा और सुशासन दिये जाने के प्रयास सरकार द्वारा किये गए हैं।
पत्रकारों को किया संबोधित
किसान, मजदूर, व्यापारी, उद्यमी हर क्षेत्र में सरकार ने विकास के आयाम स्थापित किए हैं। सुशासन और सुरक्षा के कारण ही आज उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश समेत सहारनपुर में कराए गए विकास कार्यों का विस्तार से बखान कर एक बुकलेट भी जारी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश देश में चल रही विभिन्न योजनाओं में से दस में प्रथम स्थान पर है।
विकास योजनाओं की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने रविवार की सुबह जनपद भ्रमण के दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा की। सुबह आठ बजे किये गए भ्रमण के दौरान उन्होंने नगर आयुक्त को सड़कों का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिये। इसके उपरांत 10 बजे भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन और आगामी चुनावों पर चर्चा की। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रणनीति पर विचार किया गया। इस दौरान कुछ सुझाव भी रखे गए।
ये रहे मौजूद
इस दौरान नगर निगम के महापौर संजीव वालिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, जिला महामंत्री डा. पवन सवई, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, विधायक देवेंद्र निम, कुंवर बृजेश सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महावीर राणा, अभय चौधरी, अमित गगनेजा, विपिन चौधरी के अलावा जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी डा. एस चन्नप्पा, सीडीओ विजय कुमार भी मौजूद रहे।