Meerut Weather Update: भादो में मेघों ने लगाई बारिश की झड़ी,जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

Meerut Weather Update मेरठ में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 28 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 22.1 डिग्री रहा। सितंबर में सामान्य रूप से 136 मिलीमीटर बारिश होती है। अगस्‍त महीने में कम वर्षा हुई थी।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 10:00 AM (IST)
Meerut Weather Update: भादो में मेघों ने लगाई बारिश की झड़ी,जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
मेरठ और आसपास के जिलों में अभी बारिश का मौसम बना रहेगा।

मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Update भादो में बरखा रानी अपने पूरे तेवरों में हैं। 10 दिनों के अंतराल में दूसरी बार मेघो ने बारिश की झड़ी लगाई है। इसी के साथ सितंबर में पूरे माह होने वाली बारिश का कोटा पूरा हो गया है। वहीं अगस्त में मानसून की बेरुखी के चलते 20 प्रतिशत कम बारिश हुई। शनिवार को शाम तीन बजे के बाद काले घने बादलों ने सड़क पर चालकों को वाहनों की लाइट जलाने पर मजबूर कर दिया। एक घंटे तक अच्छी बारिश देखने को मिली। रविवार को भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को तो बागपत, बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में भी बारिश हुई थी।

ऐसा रहा तापमान

शुक्रवार की देर रात से ही बारिश का सिलसिला आरंभ हो गया था। दिन में सूरज के दर्शन नहीं हुए। शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे तक 68 मिलीमीटर बारिश हुई। मंद मंद चल रही हवाओं ने मौसम खुशनुमा बना दिया। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 28 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 22.1 डिग्री रहा। सितंबर में सामान्य रूप से 136 मिलीमीटर बारिश होती है। इस बार 12 सितंबर तक 167 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इसके पहले एक से चार सितंबर तक 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। वर्ष 2020 में सितंबर पूरी तरह सूखा था। हिंदू पंचांग का भादो माह 22 सितंबर तक चलेगा।

बारिश जारी रही तो सब्जी की फसल होगी प्रभावित

लावड़ के किसान प्रवीन बजरंगी ने बताया कि अगर बारिश जारी रहती है तो खीरा, गोभी जैसी फसलें प्रभावित होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने के बाद रालोद के पूर्व जिला अध्यक्ष राहुल देव ने कुछ स्थानों पर तेज हवाओं से गन्ने की फसल गिरी है। उन्होंने बीमा कंपनियों से मुआवजे की मांग की।

रोडवेज वर्कशाप में काम काज प्रभावित

भैसाली रोडवेज वर्कशाप में दो से तीन फुट तक पानी भर गया है। शनिवार को बसों की मरम्मत का कार्य प्रभावित रहा। रविवार को प्रतियोगी परीक्षा के चलते 12 से 13 हजार परीक्षार्थियों के दूसरे जनपद से आने की सूचना है। ऐसे में दो दर्जन से अधिक बसें मेंटीनेंस न हो पाने के कारण संचालित नहीं हो पाएंगी।

मौसम का पूर्वानुमान

निजी मौसम एजेंसी स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली नम हवाओं ने एनसीआर में काफी ऊंचाई तक फैली हुई हैं। निम्न दबाव क्षेत्र के मध्य प्रदेश से उत्तर दिशा में आगे बढऩे से बारिश हो रही है। इसके 24 घंटे तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने भी इसकी पुष्टि की है।

chat bot
आपका साथी