Meerut Weather News: स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बन रही दैनिक तापमान सीमा,पढ़ें-मौसम पर विशेष रिपोर्ट

Meerut Weather News दिन में धूप और रात में तापमान में अधिक गिरावट बना रही बीमार। ऐसे सावधान रहने की जरूरत है। मेरठ में डाक्‍टरों के अनुसार दिन में तापमान बढऩे और रात में अचानक गिरने से वायरल और एलर्जी दोनो का प्रकोप बढ़ जाता है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 10:30 AM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 10:30 AM (IST)
Meerut Weather News: स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बन रही दैनिक तापमान सीमा,पढ़ें-मौसम पर विशेष रिपोर्ट
मेरठ में 24 घंटे के अंतराल में तापमान में 19 और 20 डिग्री उतार चढ़ाव।

ओम बाजपेयी, मेरठ। Meerut Weather News शीत का आगमन समय से पहले हो गया है। लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश में मेरठ का न्यूनतम तापमान सबसे कम 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में परिवर्तन का सबसे नकारात्मक तथ्य यह है कि दैनिक तापमान सीमा (डयुरनल टंपरेचर) उच्चतम बिंदु पर पहुंच गई है। सोमवार को यह 19.6 और रविवार को 20 डिग्री था। अमूमन 16 डिग्री से दिन और रात के तापमान में अंतर मानव स्वास्थ्य के लिए खराब माना जाता है।

क्या होती है दैनिक तापमान सीमा

मौसम विभाग अधिक तम और न्यूनतम तापमान जारी करता है। अधिकतम तापमान 24 घंटे के अंतराल का अधिकतम तापमान होता है यह दोपहर में दर्ज होता है। न्यूनतम तापमान देर रात या तड़के रिकार्ड होता है। इन दोनो का अंतर ही दैनिक तापमान सीमा कहा जाता है।

सोमवार को तापमान 27.6 डिग्री

मेरठ में दिन में मौसम साफ है और धूप निकल रही है। सोमवार को तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके पहले यह 28 और 29 के बीच चल रहा था। सोमवार को दैनिक तापमान सीमा (डीटीआर )19.6 डिग्री थी। जबकि रविवार को यह 20 और शनिवार को 19.6 डिग्री थी। दिल्ली मेंं यह सीमा 16.1, आगरा में 15.4 और लखनऊ में 12.3 डिग्री रहा जो मेरठ से काफी बेहतर है। दोपहर में लोग टीशर्ट में नजर आते हैं वहीं रात में लिहाफ और कंबल का सहारा लेना पड़ा रहा है। एक दिन में इतना तापमान में अंतर लोगों को कई तरह के रोगों से ग्रस्त कर रहा है। निजी मौसम एजेंसी स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि हिमालय क्षेत्र से उत्तर पश्चिम हवाओं के प्रवाह के कारण रात का तापमान गिरा हुआ है। दिन में सघन कोहरा या बादल नहीं है इससे दिन का तापमान बढ़ा हुआ है। इस सीजन में पश्चिम उत्तर प्रदेश में डीटीआर 15 से 16 डिग्री के आसपास रहती है।

यह बताया चिकित्‍सक ने

छाती रोग विशेषज्ञ डा. वीरोत्तम तोमर ने बताया कि दिन में तापमान बढऩे और रात में अचानक गिरने से वायरल और एलर्जी दोनो का प्रकोप बढ़ जाता है। साइनोसाइटिस और सिंपल एन्फ्लुएंजा से लोग ग्रस्त हो रहे हैं। गरम पेय पदार्थों का सेवन अधिक करना चाहिए। दिन में गरम कपड़े उतारने की लापरवाही नहीं करनी चाहिए।

मौसम का पूर्वानुमान

आगामी दो दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बना रहेगा। 18 के बाद रात का तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोत्तरी होगी। दो तीन के दिन बाद फिर से गिरावट होगी।

15 नवंबर को कुछ प्रमुख शहरों की दैनिक तापमान सीमा

मेरठ - 19.6

दिल्ली - 16.1

मुजफ्फरनगर - 16.2

आगरा - 15.3

लखनऊ - 14.3

प्रयागराज - 15.6

15 नवंबर को न्यूनतम तापमान

मेरठ - 8.0

मुजफ्फरनगर - 8.5

बिजनौर - 12.2

देहरादून - 13.6 

chat bot
आपका साथी