मेरठ: श्मशान की भूमि बेचने को लेकर सराय काजी में हंगामा, भाजपा नेता पर भूमि कब्‍जाने के आरोप

मेडिकल के सराय काजी में पूर्व पार्षद पर श्मशान की भूमि को कब्जाकर बेचने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। सैंकड़ों लोगों के हंगामे के बीच एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्मशान के लिए आसपास के अन्य स्थान पर जमीन तलाशी जाएगी।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 09:24 AM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 09:24 AM (IST)
मेरठ: श्मशान की भूमि बेचने को लेकर सराय काजी में हंगामा, भाजपा नेता पर भूमि कब्‍जाने के आरोप
श्‍मशान की भूमि कब्‍जाने को लेकर हंगामा ।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेडिकल के सराय काजी में पूर्व पार्षद पर श्मशान की भूमि को कब्जाकर बेचने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। सैंकड़ों लोगों के हंगामे के बीच एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्मशान के लिए आसपास के अन्य स्थान पर जमीन तलाशी जाएगी। सराय काजी निवासी देवेंद्र सैनी ने सूदखोर रिंकू के उत्पीड़न से तंग आकर जान दे दी थी। रिंकू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसी दिन ग्रामीण देवेंद्र सैनी का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान पहुंचे थे। लेकिन बारिश के कारण लोगों को अंतिम संस्कार करने के लिए काफी देर इंतजार करना पड़ा। क्योंकि श्मशान ने चबूतरे और टीन शेड की व्यवस्था नहीं थी। जैसे-तैसे लोगों ने देवेंद्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।

ग्रामीणों का कहना था कि पुराने श्मशान की भूमि पर भाजपा के पूर्व पार्षद जगपाल सिंह ने कब्जा कर बिल्डरों को बेच दिया। पूर्व पार्षद ने इसके लिए एक ट्रस्ट बनाया। उसके बाद श्मशान की साढ़े चार बीघा जमीन को बिल्डर श्योराज को बेच दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि काफी समय से लोग श्मशान पर अपने खर्च से चबूतरा और टीन शेड बनाने का प्रयास कर रहे थे। बिल्डर जमीन पर अपना दावा कर ग्रामीणों को रोक देता था। ग्रामीणों ने पूर्व पार्षद और बिल्डर द्वारा किए कब्जे से श्मशान को मुक्त कराने की मांग की है। शनिवार को भारी संख्या में महिला और पुरुष श्मशान पर पहुंचे और सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक जमकर हंगामा किया। लोगों के हंगामा करने पर सीओ और एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। हंगामा कर रहे लोगों को बताया कि श्मशान के लिए आसपास एरिया में जमीन देखकर दी जाएगी। इसके बाद लोग शांत हुए।

एसपी सिटी विनीत भटनागर ने कहा: श्मशान की भूमि पर कब्जे को लेकर सराय काजी के लोगों ने चार घंटे तक हंगामा किया। बाद में ग्रामीणों को समझाकर शांत कर दिया। उनका आरोप है कि अंतिम संस्कार करने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। 

chat bot
आपका साथी