मेरठ : विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायकेवालों ने लगाया दहेज उत्‍पीड़न का आरोप

मोदीपुरम में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित सुपरटेक कॉलोनी के फ्लैट में एक विवाहिता ने शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायका पक्ष ने पति पर दहेज उत्‍पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने कार्रवाई की जाएगी।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 11:05 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 11:05 AM (IST)
मेरठ : विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायकेवालों ने लगाया दहेज उत्‍पीड़न का आरोप
पल्लवपुरम की सुपरटेक कॉलोनी में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या।

मेरठ, जेएनएन। मेरठ के मोदीपुरम में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित सुपरटेक कॉलोनी के फ्लैट में एक विवाहिता ने शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दूसरे कमरे में पति और 4 वर्ष का बेटा सो रहे थे। पति ने दरवाजा खटखटाया तो वह अंदर से बंद था। सूचना महिला के मायके पक्ष और पुलिस को दी गई। दरवाजा तोड़कर महिला को उतारकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शनिवार सुबह तहरीर दी है।

पत्‍नी के नाम ही था फ्लैट

कंकरखेड़ा निवासी प्रीति की शादी 17 फरवरी 2015 को कंकरखेड़ा निवासी पंकज जोशी से हुई थी। पंकज प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस के मुताबिक कुछ महीने पहले ही पंकज ने पल्लवपुरम की सुपरटेक कॉलोनी में एक फ्लैट खरीदा था। इस फ्लैट का बैनामा भी पंकज ने अपनी पत्नी प्रीति के नाम कराया था। दंपती के 4 वर्ष का पुत्र प्रतीक है। शुक्रवार रात को पति-पत्नी और बेटा खाना खाने के बाद बाजार गए थे, जहां आइसक्रीम खाकर वह घर पहुंचे। रात करीब 12:00 बजे बेडरूम में दंपती और बेटा सो गए।

बेटे ने लगाई थी मां को आवाज

देर रात करीब 2:30 बजे दूध लेने के लिए बेटे की आंख खुली तो उसकी मां नहीं थी, बच्चे के रोने पर पंकज की आंख खुली तो उसने पत्नी को आवाज लगाई। मगर कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद पंकज बराबर वाले कमरे के दरवाजे पर पहुंचा तो अंदर से बंद था। काफी शोर-शराबे के बाद भी ना तो दरवाजा खुला और ना ही प्रीति ने कोई जवाब दिया। अनहोनी की आशंका जताते हुए पंकज ने अपने स्वजन और प्रीति के मायके वालों समेत पुलिस को भी सूचना दी।

तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेगी पुलिस

दरवाजा तोड़ा तो अंदर का सीन देख सभी के होश उड़ गए। अंदर फंदे पर प्रीति का शव लटका हुआ था। किसी तरह शव एसडीएस अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुलिस ने पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की। दूसरी तरफ प्रीति जोशी के भाई मनीष शर्मा ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी बहन को दहेज के लिए पंकज और उसका पिता प्रताड़ित कर रहे थे। पहले भी कई बार समझाया गया मगर वह नहीं मान रहा था। दहेज न देने के कारण प्रीति की हत्या कर दी गई है। इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा का कहना है कि तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी