Meerut Lockdown Day 6: जनता लॉकडाउन का पालन करे तभी नियंत्रण में रहेगा कोरोना, अफसरों का सख्‍त रुख Meerut News

खुर्जा के व्यक्ति से फैलता हुआ कोरोना वायरस उसके रिश्तेदारों तथा परिचितों समेत कुल 13 लोगों तक पहुंच गया है। अफसर सख्‍ती की रणनीति अपनाएंगे।

By Prem BhattEdited By: Publish:Mon, 30 Mar 2020 11:10 AM (IST) Updated:Mon, 30 Mar 2020 11:10 AM (IST)
Meerut Lockdown Day 6: जनता लॉकडाउन का पालन करे तभी नियंत्रण में रहेगा कोरोना, अफसरों का सख्‍त रुख Meerut News
Meerut Lockdown Day 6: जनता लॉकडाउन का पालन करे तभी नियंत्रण में रहेगा कोरोना, अफसरों का सख्‍त रुख Meerut News

मेरठ, जेएनएन। Meerut Lockdown Day 6 खुर्जा के व्यक्ति से फैलता हुआ कोरोना वायरस उसके रिश्तेदारों तथा परिचितों समेत कुल 13 लोगों तक पहुंच गया है। इन हालात के सामने आने पर जिला प्रशासन ने इन संक्रमित लोगों से संबंधित तीनों क्षेत्रों को अगले पांच दिन (3 अप्रैल) तक सील कर दिया है। सील के आदेश का सख्ती से पालन के लिए वहां पुलिस के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात कर दिए गए हैं। बीमार लोगों की जानकारी देने के लिए तीन नंबर भी जारी किए गए हैं। वहीं रात में कमिश्नर और डीएम ने बैठक करके कोरोना के संक्रमण को रोकने की रणनीति तैयार की। दोनों अफसरों ने बताया कि मेरठ में अभी कफ्र्यू लगाने की स्थिति नहीं है। कोरोना के फैलाव को रोका जा सकता है बस जनता घरों से बाहर निकलना बंद करे।

फैलने नहीं देंगे संक्रमण

जिला प्रशासन का दावा है कि संक्रमित सभी लोग एक ही परिवार तथा उससे जुड़े लोग ही है। लिहाजा वायरस के संक्रमण को फैलने से रोक लिया जाएगा। इन संक्रमित लोगों के संपर्क में आए ज्यादा से ज्यादा लोगों का पता लगाकर सभी को अस्पतालों में क्वारंटाइन किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जाएगी। बुखार के पीड़ति लोगों से खुद भी घोषणा करने की मांग की गई है।

कमिश्नर ने दिया सख्ती से क्वारंटाइन का निर्देश

रात में कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने डीएम अनिल ढींगरा, सीडीओ, मेडिकल कालेज के प्राचार्य समेत सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की। अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो लोग भी संक्रमित लोगों के संपर्क में आए हैं उन्हें सख्ती से अस्पताल ले जाकर क्वारंटाइन किया जाए। जो लोग जनपद में बाहर से आए हैं, सभी का र्सिवलांस करकाया जाए। वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराया जाए। जो न माने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जनता को आवश्यक सामग्री उनके घर पर ही उपलब्ध कराई जाए। खाद्य सामग्री की उपलब्धता हर समय बनी रहे। नगर निगम शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे।

नगर निगम के 14 रैन बसेरे तैयार

घर लौट रहे मजदूर व अन्य लोगों को जहां का तहां ठहराने और उनके भोजन की व्यवस्था का आदेश प्रदेश सरकार ने दिया है। जिस पर शहर में नगर निगम द्वारा संचालित 14 रैन बसेरों को उनके लिए खोल दिया गया है। डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि शहर में ऐसे लोगों की संख्या काफी कम है।

घरों में क्वारंटाइन होंगे बाहर से आए लोग

जिलाधिकारी ने बताया कि अन्य देशों तथा शहरों से वापस आए लोगों का सर्वे कर लिया गया है। सामान्य लोगों को उनके घरों में क्वारंटाइन किया गया है। जबकि बुखार पीड़तिों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

खाद्य पदार्थों की नहीं कोई कमी

उन्होंने बताया कि जनपद में लॉक डाउन के दौरान सब्जी, फल, राशन की कोई कमी नहीं है। होम डिलीवरी की सुविधा भी शुरू हो गई है। जो कि अगले एक दो दिन में जोमेटो, स्विगी और नेस्ले के जुड़ जाने के बाद और भी बेहतर हो जाएगी।

कालेजों और होटलों में बनेंगे आइसोलेशन और क्वारंटाइन वार्ड

जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि कोरोना वायरस से मुकाबला करने की हमारी पूरी तैयारी है। अभी राजकीय मेडिकल कालेज तथा सुभारती मेडिकल कालेज में क्वारंटाइन और आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर शोभित विवि, बीएड व इंजीनियरिंग कालेज तथा कई बड़े होटल भी चिन्हित किए गए हैं। तत्काल इनमें व्यवस्था कर ली जाएगी।

इनका कहना है

कोरोना वायरस से बचाव जनता के खुद अपने हाथ में है। 14 अप्रैल तक लॉक डाउन का आदेश है लेकिन लोग फिर भी नहीं मान रहे हैं। अब ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी। बाहर से आने वाले लोग भी र्सिवलांस पर हैं। बैठक करके अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। वायरस का संक्रमण बढ़ने नहीं दिया जाएगा।

- अनीता सी मेश्राम, कमिश्नर

हमने त्वरित कार्रवाई की। जिसके चलते ज्यादा से ज्यादा लोगों को क्वारंटाइन करके संक्रमितों को तलाश लिया गया। अभी और भी ऐसे लोगों की तलाश की जा रही है जो कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आए हैं। स्थिति जल्द नियंत्रित कर ली जाएगी। बस शहर की जनता लॉक डाउन के आदेश का पालन करे। लोग घरों से न निकलें। वरना अब ऐसे लोगों के विरुद्ध सीधे एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।

- अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी 

chat bot
आपका साथी