Meerut Eid al-Adha Guideline: नहीं कर सकेंगे स्टंट, चप्‍पे- चप्‍पे पर पुलिस का पहरा; देखें तस्‍वीरें

Meerut Eid al-Adha Guideline 2021 बकरीद पर बाइक स्टंट करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। शहर के बीच हीं नहीं बल्कि बाहरी क्षेत्र में भी स्टंटबाजी नहीं होने दी जाएगी। एसपी सिटी की ओर से पुलिसकर्मियों को आदेश दिया गया है

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 09:19 AM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 09:19 AM (IST)
Meerut Eid al-Adha Guideline: नहीं कर सकेंगे स्टंट, चप्‍पे- चप्‍पे पर पुलिस का पहरा; देखें तस्‍वीरें
मेरठ में सुरक्षा के लिए हर प्‍वाइंट पर पुलिस तैनात।

जागरण संवाददाता, मेरठ। बकरीद पर बाइक स्टंट करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। शहर के बीच हीं नहीं बल्कि बाहरी क्षेत्र में भी स्टंटबाजी नहीं होने दी जाएगी। एसपी सिटी की ओर से पुलिसकर्मियों को आदेश दिया गया है कि स्टंट करने वालों का वीडियो तैयार किया जाए, ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। साथ ही सभी को चेतावनी दी गई कि ऊंट की कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी।

बकरीद पर सुरक्षा के लिए जनपद को 14 जोन और 31 सेक्टरों में बांटा गया है। पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात कर दिया गया है। कोई भी पुलिसकर्मी अपने स्थान से गैरहाजिर मिला तो उसका वेतन में कटौती की जाएगी। ड्रोन का भी सहारा लिया जा सकता है। सभी सीओ अपने सर्किल में भ्रमण करेंगे। कोरोना की वजह से एक स्थान पर ज्यादा भीड़ नहीं जुटने दी जाएगी। शहर के सभी बार्डर पर प्वाइंट बना दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने आठ प्वाइंट ऐसे भी बनाए गए हैं, जहां पूर्व में बाइक स्टंट हुआ है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि बाइक स्टंट किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे। हर प्वाइंट पर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। साथ ही बाइक सवार युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और आइपीसी के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जमकर हुई खरीदारी

बकरीद को लेकर मंगलवार शाम बाजारों में खूब रौनक रही। घंटाघर में खाने-पीने की चीजों से लेकर कपड़े आदि की दुकानों में जबरदस्त भीड़ रही। बच्चों में कपड़े खरीदने को लेकर विशेष उत्साह दिखा। कुर्बानी के साथ इस दिन शीर और सिवईं भी बनती है। घंटाघर के मीना बाजार में दुकानों में रौनक देखने लायक रही।

कुर्बानी के लिए लाखों के बिके मवेशी

कोरोना संक्रमण के चलते नौचंदी मैदान में लगने वाली जानवरों की पैंठ नहीं लगी। शाहपीर गेट के आसपास जगह-जगह जानवरों की बिक्री हुई। पुराने कमेले के पास भी पशु विक्रेता देखे गए। कंकरखेड़ा निवासी कामिल दो भैंसों के कटड़े की कीमत सात लाख लगाए हुए था। कारी अफ्फान ने बताया कि इस बार जानवरों के रेटों में पांच से छह हजार का इजाफा था। नौचंदी में जो बकरे पांच से छह हजार में मिल जाते थे। इस बार 11 हजार से कम का कोई बकरा नहीं था।

शाही जामा मस्जिद में सुबह 7.30 बजे होगी नमाज

मस्जिदों में ईद उल अजहा की नमाज बुधवार को होगी। मंगलवार को मस्जिदों में साफ-सफाई का दौर चला। उलमा ने गली और सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी न करने की अपील की है। शहरकाजी जैनुस साजिदीन ने बताया कि सूरज निकलने के आधे घंटे बाद से नमाज शुरू होगी। दोपहर 12 बजे तक सुविधानुसार नमाज पढ़ी जा सकती है। शाही जामा मस्जिद में सुबह 7.30 बजे नमाज होगी। कहा कि मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए मास्क पहनकर आएं। कारी शफीकुर्रहमान ने कहा कि अधिकतम 50 लोग मस्जिद में नमाज पढ़ सकेंगे। हापुड़ रोड स्थित जुबैदा मस्जिद में सुबह सात बजे नमाज अदा की जाएगी। कहा कि कानूनी प्रतिबंध वाले जानवरों की कुर्बानी न करें।  

chat bot
आपका साथी