मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे: 15 जुलाई तक यातायात के लिए खोल दिए जाएंगे चिपियाना के दो रेलवे ओवरब्रिज
मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर चिपियाना में निर्माणाधीन दो नए रेलवे ओवरब्रिज 15 जुलाई तक यातायात के लिए खोल दिये जाएंगे। दोनों ही ओवरब्रिज का काम अंतिम दौर पर है। एनएचएआई के अधिकारियों ने किया दावा। तीन में से दो ओवरब्रिज का काम अंतिम दौर में।
मेरठ, जेएनएन। सबकुछ ठीकठाक रहा तो मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर चिपियाना में निर्माणाधीन दो नए रेलवे ओवरब्रिज 15 जुलाई तक यातायात के लिए खोल दिये जाएंगे। दोनों ही ओवरब्रिज का काम अंतिम दौर पर है। यह दावा एनएचएआई के अधिकारियों का है।मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर डासना से यूपी गेट के बीच एक बायीं तरफ का और दूसरा दायीं तरफ का रेलवे ओवरब्रिज लगभग तैयार हो गया है। दोनों ओवरब्रिज पर गर्डर लांचिंग के बाद उस पर स्लैब भी डाल दिये गए हैं।
आरई वाल बनाने व मिट्टी भराव का काम चल रहा है। दोनों ओवरब्रिज पर स्लैब डालने के बाद बीच के गैपों को एक-दूसरे को जोड़ने का काम चल रहा है। यह सारे काम जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूरे कर लिए जाएंगे। दोनों रेलवे ओवरब्रिज तैयार होने पर केंद्रीय राजमार्ग मंत्रालय से चालू करने की अनुमति ली जाएगी। 15 जुलाई तक दोनों ओवरब्रिज चालू करने की तैयारी में एनएचएआई के अधिकारी जुटे हैं। जबकि तीसरा रेलवे ओवरब्रिज निर्माणाधीन दोनों ओवरब्रिज के बीच बनाया जाना है। यह दोनों ओवरब्रिज चालू करने के बाद एनएचएआई इसका काम शुरू करेगा। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार चिपियाना में कुल चार ओवरब्रिज होंगे। जिसमें एक पुराना और तीन नए हैं। पुराने ओवरब्रिज पर ट्रैफिक चल रहा है। जो चार लेन का है। दो नए ओवरब्रिज चालू होने से यातायात के लिए कुल 11 लेन जाएंगे।
एक माह और दिक्कत, फिर मिलेगी राहत
एनएचएआई के अधिकारियों की तैयारी पर यकीन करें तो अब इसी माह और दिक्कत उठानी है। अगले माह दो नए ओवरब्रिज पर यातायात सुचारू होने से चिपियाना में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी। मेरठ से दिल्ली का सफर बहुत आसान हो जाएगा। तीसरे ओवरब्रिज के निर्माण का इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
टोल वसूली की तैयारी पूरी, अनुमति का इंतजार
उधर एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली शुरू करने को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि इसका काम तेजी से चल रहा है। बहुत जल्दी शुरू होगा। तिथि अभी फाइनल नहीं हुई है। लेकिन विभागीय तैयारी पूरी है। मंत्रालय से टोल वसूली के प्रस्ताव पर अनुमति मिलने का इंतजार हो रहा है। लेकिन ये माना जा रहा है कि जुलाई में चिपियाना के दो ओवरब्रिज चालू होने के साथ ही टोल वसूली भी शुरू हो जाएगी।
इन्होंने बताया...
चिपियाना में एक्सप्रेस-वे के दो रेलवे ओवरब्रिज पर स्लैब डालने का काम पूरा हो गया है। आरई वाल समेत अन्य जो काम बचे हैं। वह जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूरे हो जाएंगे। मध्य जुलाई में दोनों ओवरब्रिज चालू कर दिए जाएंगे।वहीं, टोल वसूली की तैयारी पूरी है। मंत्रालय से अनुमति मिलते ही टोल लेना शुरू किया जाएगा।
- मुदित गर्ग, डीजीएम एनएचएआई व परियोजना निदेशक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे।