Meerut Coronavirus News Update: तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, 430 नए मरीज, चार की मौत
कोरोना के कहर से अभी राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही। मेरठ और आसपास के जिलों में रविवार को भी कोरोना का कहर जारी रहा। पीडि़त चार लोगों की मौत हो गई। 430 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मेरठ में तीन पीडि़तों ने दम तोड़ दिया है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ और आसपास के जिलों में रविवार को भी कोरोना का कहर जारी रहा। पीडि़त चार लोगों की मौत हो गई। 430 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मेरठ के सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि जिले में तीन पीडि़तों ने दम तोड़ दिया। मृतक संख्या 231 हो गई है। 180 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से संक्रमितों की संख्या 8698 हो गई है। बिजनौर में 37 नए केस मिलने से संख्या 3034 हो गई है। मुजफ्फरनगर में 117 नए केस मिलने से संख्या 4598 हो गई है। सहारनपुर में 47 संक्रमित मिलने से संख्या 6853 हो गई है। शामली में 21 नए केस मिलने से संख्या 2281 हो गई है। बुलंदशहर में एक पीडि़त ने दम तोड़ दिया। मृतकों की संख्या 59 हो गई है। 20 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से कुल संख्या 3536 पहुंच गई है। बागपत में आठ नए केस मिलने से संख्या 1271 हो गई है।
मेरठ में 180 नए मरीज
मेरठ में रविवार को कोरोना मीटर 180 पायदान और चढ़ गया। 2189 सैंपलों की जांच में 180 में वायरस मिला। तीन मरीजों की जान भी चली गई। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि संक्रमितों में 17 बैककर्मी हैं। बड़ी संख्या में डाक्टरों, पुलिस एवं सैन्यकर्मी, अन्य स्वास्थ्यकर्मी, व्यवसायी और छात्रों में भी संक्रमण हुआ है। 409 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है। 174 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 6280 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 854 मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। 2.45 लाख से ज्यादा सैंपलों की जांच कर ली गई है। मेडिकल कालेज में चार मरीजों की मौत हो गई है। प्राचार्य डा. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मौत की दर कम करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बाहर से रेफर होकर आने वाले आइसीयू में भर्ती हो रहे हैं, जिससे मौत की दर बढ़ी।
बैंकों में पांव पसारने लगा कोरोना
मेरठ में रविवार को कोरोना की जांच में अलग-अलग बैंकों से 16 मरीजों में संक्रमण मिला है। सबसे भयावह स्थिति स्टेट बैंक कैंट शाखा की है। यहां आठ कर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। कुछ दिन पहले कैंट की एसबीआइ शाखा में एक गार्ड कोरोना पॉजिटिव मिला था। एक दिन के लिए शाखा बंद की गई थी। एसबीआइ की सबसे बड़ी शाखा होने के साथ यहां सरकारी ट्रेजरी से लेकर अन्य काम होते हैं। सैन्य अधिकारियों से लेकर जवानों के खाते भी इस शाखा में है। शाखा के चीफ मैनेजर हरीश बाधवा का कहना है कि फिलहाल बैंक खुलेगा। पूरे बैंक परिसर को सैनिटाइज कराया गया है।