फ्लाईओवर पर उकेरी कलाकृति, ताकि सुंदर छवि लेकर गुजरें राही

लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए रविवार को 'पहल : एक प्रयास' संस्था ने रुड़की हाईवे पर पल्लवपुरम फ्लाईओवर की दीवार पर सुंदर आकृतियां उकेरी।

By Krishan KumarEdited By: Publish:Mon, 24 Sep 2018 06:00 AM (IST) Updated:Mon, 24 Sep 2018 06:00 AM (IST)
फ्लाईओवर पर उकेरी कलाकृति, ताकि सुंदर छवि लेकर गुजरें राही

जागरण संवाददाता, मेरठ। जब कोई सैलानी शहर आए या फिर शहर होते हुए किसी अन्य शहर के लिए गुजरे तो उसे मेरठ की स्वच्छता और सुंदरता की झलक दिखाई दे। वह अच्छी छवि लेकर आगे बढ़े। इसलिए 'माय सिटी माय प्राइड' महा अभियान के तहत शहर प्रमुख मार्गों, प्रवेश द्वारों पर सफाई व उसके आसपास की दीवारों पर सुंदर आकृति बनाने का लक्ष्य तय किया गया था। इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए रविवार को 'पहल : एक प्रयास' संस्था ने रुड़की हाईवे पर पल्लवपुरम फ्लाईओवर की दीवार पर सुंदर आकृतियां उकेरी। वहीं 'टीम क्लीन' ने शहर के अंदर सफाई अभियान चलाकर लोगों को प्रेरित किया।

माय सिटी माय प्राइड महा अभियान के इंफ्रास्ट्रक्चर पिलर के अंतर्गत जनसहयोग वर्ग में स्वच्छता जागरूकता व सफाई अभियान का बीड़ा उठाया गया था। इसकी जिम्मेदारी ली थी संस्था पहल : एक प्रयास और संस्था टीम क्लीन मेरठ ने। हालांकि ये दोनों संस्थाएं पहले से ही इस क्षेत्र में कार्य कर रही हैं, इस अभियान के तहत जो विस्तार दिया गया था उसमें यह शामिल था कि शहर प्रवेशद्वार, पर्यटन स्थल व प्रमुख मार्ग पर सफाई अभियान चले और वहां सुंदर आकृतियां बनाई जाएं। इसके अंतर्गत संस्था पहल एक प्रयास ने रुड़की हाईवे पर पल्लवपुरम फ्लाईओवर के पास सफाई अभियान चलाया और फ्लाईओवर की दीवारों पर पेंट करके आकर्षक आकृतियां बनाईं। इसमें सेंट्रल पोटेटो रिसर्च इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर मनोज कुमार, डिप्टी डायरेक्टर एसके लूथरा भी सहयोगी बने। संस्था की ओर से कैप्टन नीतू, यासमीन, नितिन सोम रहे। बसंत चौहान और अनिल शर्मा का विशेष सहयोग रहा। स्वच्छता जागरूकता में आरजी पीजी कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स भी शामिल रहीं।

उधर, टीम क्लीन ने शहर कोतवाली से लेकर लिसाड़ी गेट चौराहे तक सफाई की और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जागरूकता का असर रहा कि स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों ने भी अभियान में सहयोग किया। इसके साथ ही भविष्य में डस्टबिन का इस्तेमाल करने और स्वच्छता बरकरार रखने का वादा भी किया। इस दौरान स्थानीय लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। टीम में अमित कुमार अग्रवाल, धीरज कुमार, राजेंद्र गुप्ता, मनोज कुमार, प्रिंस अग्रवाल, दिव्या सैनी, विपुल सोती, दिनेश शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, विनोद कुमार गुप्ता, महेश चंद गोयल व अनुराग यादव आदि शामिल थे।

chat bot
आपका साथी