सहारनपुर में MBBS की छात्रा ने मकान की छत पर जाकर खुद को लगाई आग, मौत
सदर बाजार थानाक्षेत्र की आवास विकास कालोनी की रहने वाली एक एमबीबीएस की छात्रा ने मकान की छत पर पहुंचकर खुद को आग लगा ली। छात्रा जिंदा जल गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सहारनपुर, जेएनएन। सदर बाजार थानाक्षेत्र की आवास विकास कालोनी की रहने वाली एक एमबीबीएस की छात्रा ने मकान की छत पर पहुंचकर खुद को आग लगा ली। छात्रा जिंदा जल गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि छात्रा तनाव में चल रही थी।
आवास विकास निवासी रामचंद्र एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी 30 वर्षीय बेटी शालू उर्फ अंबिका मेडिकल कालेज पिलखनी से एमबीबीएस कर रही थी। कोरोना काल में छुट्टी होने के कारण अंबिका अपने घर आई थी, लेकिन वह कालेज से आने के बाद तनाव में थी। परिजनों ने उसकी परेशानी का कारण भी पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। और खौफनाक कदम उठा लिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नानी के घर गई थी छात्रा: मंगलवार की सुबह उसने अपने परिजनों से कहा कि वह अपनी नानी के घर जा रही थी। आवास विकास में ही उसकी नानी रहती है। नानी के घर जाने के बाद उसने नाश्ता किया और नाश्ता करने के बाद मकान की छत पर चली गई। जीन्ने का दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने शरीर पर केरोसीन डालकर आग लगा ली।
पड़ोसियों ने दी जानकारी: मकान की छत पर धुआं उठा तो पड़ोसियों ने बताया। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर छात्रा को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी कुछ देर के बाद मौत हो गई। सदर बाजार थाना प्रभारी हरेंद सिंह ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा ने आग लगाकर आत्महत्या की है। कारणों का पता किया जा रहा है।