Murder In Bijnor: बिजनौर में सिर पर वार कर अधेड़ की हत्या, पत्नी और बेटी गायब, बेटे ने कराई रिपोर्ट
Murder In Bijnor बिजनौर में एक अधेड़ व्यक्ति के सिर में भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। घर के कमरे में पड़ा मिला शव जांच में जुटी पुलिस। मृतक के बेटे ने पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट।
बिजनौर, जेएनएन। क्षेत्र के गांव धर्मूवाला में एक अधेड़ व्यक्ति के सिर में भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के कमरे में पड़ा मिला। वारदात के बाद से ही मृतक की पत्नी और पुत्री गायब हैं। मृतक की पत्नी और छह साल की बेटी गायब है। मृतक के बेटे ने अपनी सौतेली मां और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
यह है मामला
थाना क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर मेहरू उर्फ धर्मूवाला निवासी 57 वर्षीय प्रीतम सिंह पुत्र बुध सिंह का शव शुक्रवार सुबह उसके घर के एक कमरे में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए हमले के कारण कुछ निशान थे। आशंका जताई जा रही थी कि प्रीतम के सिर पर हमला कर उसको मौत के घाट उतारा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की पहली पत्नी मुन्नी देवी की बीमारी के चलते चार वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। पत्नी की मृत्यु के बाद एक वर्ष पहले ही प्रीतम उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र से वाचली देवी नाम की एक महिला से विवाह कर उसे घर लेकर आया था। उसके साथ उसकी छह वर्षीय एक पुत्री भी थी। प्रीतम की मौत के बाद से दोनों ही मौके से गायब हैं। मृतक के पहली पत्नी से एक लड़का और चार लड़कियां हैं। सभी की शादी हो चुकी हैं। ग्राम प्रधान पति वीर सिंह की सूचना पर सीओ सुमित शुक्ला और थानाध्यक्ष अनुज कुमार तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
प्रीतम सिंह घर में नीचे कमरे में सोता था, जबकि बेटा कैलाश पत्नी के साथ ऊपर के कमरे में रहता है। शुक्रवार सुबह उसने कमरा खोला, तो प्रीतम कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक के स्वजन ने मौके से गायब महिला व उसकी पुत्री पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पुत्र कैलाश ने अपनी सौतेली मां वाचली देवी के खिलाफ पुलिस को तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पत्नी और बेटी को लेकर उलझी पुलिस
प्रीतम की मौत के बाद पत्नी और बेटी के गायब होने को लेकर पुलिस भी उलझ गई है। वाचली देवी मौके से गायब थी। पुलिस और मृतक के स्वजन के पास वाचली देवी का नाम-पता भी नहीं है। इतना ही नहीं उनका फोटो तक भी नहीं है, इसलिए पुलिस के लिए महिला की तलाश करना काफी मुश्किल है। महिला की उम्र करीब 28 साल के लगभग बताई जा रही है। सीओ सुमित शुक्ला ने बताया कि महिला की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ पाएगा।