मेरठ में सात फेरे लेंगी मप्र की रूपा

मध्य प्रदेश निवासी रूपा रजक मेरठ में अगले माह दांपत्य सूत्र में बंध जाएंगी। पोलियो के चलते बचपन से ही दिव्यांग रूपा ने अवधेश प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी रीवा से एमएससी (जूलोजी) किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 06:13 AM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 06:13 AM (IST)
मेरठ में सात फेरे लेंगी मप्र की रूपा
मेरठ में सात फेरे लेंगी मप्र की रूपा

विनय विश्वकर्मा, मेरठ : मध्य प्रदेश निवासी रूपा रजक मेरठ में अगले माह दांपत्य सूत्र में बंध जाएंगी। पोलियो के चलते बचपन से ही दिव्यांग रूपा ने अवधेश प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी, रीवा से एमएससी (जूलोजी) किया है। घर की खराब माली हालत के चलते वह मायूस थीं लेकिन मेरठ की निर्धन कन्या सेवा समिति ने उनके सपनों को पूरा करने का बीड़ा उठाया। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से रूपा को इस संस्था के बारे में पता चला। वह बुधवार को मेरठ पहुंचीं और 26 दिसंबर को संस्था की तरफ से आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह के लिए पंजीकरण कराया। रूपा ने मध्य प्रदेश के ही दिनेश कुमार नामदेव को अपना जीवनसाथी चुना है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर सचिन तोमर ने शादी में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। बनना चाहती हैं आत्मनिर्भर

मध्यप्रदेश के शहडोल जिले की रूपा ने बताया कि उनकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। दो छोटे भाई हैं। रूपा ने घर पर ही कपड़े का काम शुरू किया था लेकिन कोरोना के कारण यह काम प्रभावित हो गया। वह फिर से अपना स्टार्टअप शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। रूपा के अनुसार, उनके पिता नीलेश रजक लीवर व किडनी की बीमारी से ग्रस्त हैं। धूमधाम से होगी शादी

निर्धन कन्या सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर सचिन तोमर ने बताया कि रूपा के परिवार की खराब माली हालत के चलते उनका विवाह नहीं हो पा रहा था। 26 दिसंबर को संस्था के तत्वावधान में पांचवां सामूहिक विवाह समारोह गढ़ रोड पर जागृति विहार स्थित आदर्श पैलेस में आयोजित होगा। उनकी संस्था दिव्यांग व निर्धन कन्याओं के विवाह कराती है। नवविवाहित युगलों को गृहस्थी के लिए जरूरी 27 सामान भेंट किया जाएगा। अभी तक चार जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है।

chat bot
आपका साथी