Meerut Lockdown Update News: कोरोना के प्रहार को रोकने के लिए 55 घंटे का लॉकडाउन शुरू, पुलिस ने दिखाई सख्‍ती

कोरोना के कहर को थामने के लिए शुक्रवार की रात दस बजे से शुरू हुए लॉकडाउन का असर शनिवार की सुबह मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिलों में दिखा।

By Prem BhattEdited By: Publish:Sat, 11 Jul 2020 10:27 AM (IST) Updated:Sat, 11 Jul 2020 08:26 PM (IST)
Meerut Lockdown Update News: कोरोना के प्रहार को रोकने के लिए 55 घंटे का लॉकडाउन शुरू, पुलिस ने दिखाई सख्‍ती
Meerut Lockdown Update News: कोरोना के प्रहार को रोकने के लिए 55 घंटे का लॉकडाउन शुरू, पुलिस ने दिखाई सख्‍ती

मेरठ, जेएनएन। लगातार बढ़ रहे कोरोना के कहर को थामने के लिए शुक्रवार की रात दस बजे से शुरू हुए लॉकडाउन का असर शनिवार की सुबह दिखा। मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिलों में जगह-जगह सन्‍नाटा पसरा रहा। आवश्‍यक सेवाओं से जुड़े लोग की सड़कों पर दिखे। कई स्‍थानों पर बेवजह निकलने वालों को पुलिसवालों ने चेतावनी देते हुए वापस लौटाया, वहीं सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा कम ही भीड़ नजर आई।

बागपत में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 55 घंटे का लॉकडाउन शुक्रवार की रात्रि दस बजे से शुरू हो गया। शनिवार की तड़के से जारी बारिश के कारण भी लोग घरों में दुबके रहे। वहीं बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बागपत के बाजार शौकत मार्केंट, बड़ा बाजार व सर्राफा बाजार में दुकानों के शटर नहीं उठे। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ बाजारों में घूमते रहे। जिले को तीन जोन में बांटते हुए दस सेक्टरों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

बागपत के अलावा बड़ौत व खेकड़ा, अग्रवाल मंडी टटीरी, अमीनगर सराय, छपरौली व बालैनी आदि क्षेत्रों मेंं पुलिस फोर्स तैनात रही। उधर, सर्वे अभियान जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर काेरोना मरीजों की तलाश को स्क्रीनिंग की। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि 55 घंटे के लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए अधिकारियों की डयूटी लगा दी गई है। नियमों का पालन कराया जाएगा।

सहारनपुर में भी दिखी सख्‍ती 

सहारनपुर में 55 घंटे की लॉकडाउन को लेकर जिले के लोग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन के लाख समझाने के बावजूद शनिवार सुबह से ही लोग सड़क पर हैं, जिन्हें जगह जगह रोक कर पुलिस चालान कर रही है। एसएसपी डॉ एस चन्नप्पा भी स्वयं सड़क पर उतरे और कई जगह लोगों को रोक-रोक कर समझाया, जो लोग बिना वजह ही सड़क पर आ रहे थे, उनके चालान भी कराए गए। शुक्रवार रात 10 बजे से 55 घंटे का लॉकडाउन लगाया गया है। शनिवार सुबह शहरवासी सड़क पर निकले तो पुलिस ने रोकना ठोकना शुरू कर दिया। घंटाघर, बेहट अड्डा, मंडी समिति, कोर्ट रोड, हसनपुर, चकराता रोड सहित अन्य चौराहों पर पुलिस लोगों को रोक रोक कर वापिस किस भेज रही थी इसी तरह देवबंद बेहट नकुड गंगो तथा सरसावा आदि क्षेत्रों में भी इसी तरह से पुलिस सख्ती से लॉक डाउन का  पालन करवा रही है। एसएसपी 10 बजे निकल गए और जिले का दौरा करने लगे। एसएसपी ने बताया कि, लॉक डाउन कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लगाया गया है इसलिए सभी को इसका पालन करना होगा।

मुजफ्फरनगर में एडीजी राजीव सभरवाल ने लिया जायजा

एडीजी जोन राजीव सभरवाल ने शनिवार को मुजफ्फरनगर के कई क्षेत्रों का भ्रमण कर पूर्ण लॉकडाउन का जायजा लिया। बिना किसी पूर्व कार्यक्रम के मुजफ्फरनगर में आए एडीजी जोन ने एसएसपी को लॉकडाउन के नियमों का पूर्ण पालन कराने के निर्देश दिए। जनपद में निरीक्षण कर एडीजी जोन सहारनपुर की तरफ बढ़ गए।

शामली में लॉकडाउन का पालन कराने को लेकर पुलिस बरत रही सख्ती, सड़क से गुजरते वाहन चालकों से की जा रही पूछताछ, बिना मास्क लगाए बाजार व सड़कों पर  घूम रहे लोगों के काटे जा रहे चालान, केवल इमरजेंसी लोगो को ही जाने की दी जा रही अनुमति। 

chat bot
आपका साथी