कल आएगी विधान मंडल की समिति, तैयारी में जुटे अफसर
उत्तर प्रदेश विधानमंडल की महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति मेरठ और आगरा मंडल के दौरे पर है।
मेरठ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधानमंडल की महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति मेरठ और आगरा मंडल के दौरे पर है। समिति सोमवार को मेरठ में रहकर दर्जन भर विभागों के अफसरों के साथ बैठक करेगी और उनके द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यो का स्थलीय निरीक्षण भी करेगी। समिति के दौरे की तैयारियों के लिए शनिवार को सीडीओ ईशा दुहन ने संबंधित विभागों के अफसरों के साथ बैठक भी की।
विधान मंडल की समिति में लगभग 20 सदस्य रहेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक समिति के सदस्य सोमवार को दोपहर 12 बजे हापुड़ से मेरठ पहुंचेंगे। यहां बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, खाद्य रसद विभाग, महिला कल्याण, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यावरण, ग्राम्य विकास, श्रम एवं सेवायोजन विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। जिला कारागार का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद सभी विभागों के अफसरों के साथ बैठक करेंगे। समिति सोमवार रात में मेरठ में विश्राम करके अगले दिन सुबह बागपत के लिए रवाना होगी।
सीडीओ ने बैठक में कहा कि सभी विभाग योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर लें। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि समिति का यह अध्ययन और भ्रमण का कार्यक्रम है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
पुलिस की रही सुरक्षा व्यवस्था
टीकाकरण अभियान के दौरान आईजी प्रवीण कुमार जिला अस्पताल में रहे। जबकि एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह ने मेडिकल में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस टीम तैनात रही। एसपी सिटी ने बताया कि टीकाकरण अभियान के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था का बंदोबस्त रहा है। इसके अलावा टीकाकरण अभियान के लिए केंद्रों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।