Kisan Andolan: मेरठ में धरना दे रहे किसानों में गुस्‍सा, बोले-एक तरफ वार्ता का आश्वासन और थमा दिया नोटिस

Kisan Andolan अपनी मांगों को लेकर रविवार से धरनारत किसान अब गुस्‍से में हैं। कारण उन्‍हें कार्रवाई का नोटिस पुलिस की ओर से थमा दिया गया है। किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता से मना कर दिया है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 04:00 PM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 04:43 PM (IST)
Kisan Andolan: मेरठ में धरना दे रहे किसानों में गुस्‍सा, बोले-एक तरफ वार्ता का आश्वासन और थमा दिया नोटिस
मेरठ में किसान मजदूर संगठन ने लगाया पुलिस प्रशासन पर आरोप।

मेरठ, जागरण संवाददाता। kisan Majdoor Sangathan कमिश्नरी पार्क में रविवार से धरने पर बैठे किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता करने के लिए इंकार कर दिया है। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह का कहना है कि एक तरफ वार्ता का आश्वासन और दूसरी तरफ नोटिस की कार्रवाई इस तरह का दोहरा मापदंड किसान नहीं सहेगा।

किसानों का अपमान

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के प्रति पुलिस प्रशासन का रवैया बेहद निंदनीय है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित राणा ने कहा कि इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने 149 सीआरपीसी के तहत नोटिस की कार्यवाही करके किसानों का अपमान किया है। किसान अपनी मांग को लेकर कमिश्नरी पार्क में शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं। वह कमिश्नर के माध्यम से मुख्यमंत्री से वार्ता सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे थे। लेकिन पुलिस प्रशासनिक अधिकारी लगातार उन्हें गुमराह करने का काम कर रहे हैं।

महापंचायत का आयोजन

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु मलिक ने कहा कि शनिवार 2 अक्टूबर को कमिश्नरी पार्क में किसान मजदूर संगठन महापंचायत का आयोजन कर रहा है। जिसमें पश्चिमी यूपी के लगभग सभी जिलों से किसान मेरठ पहुंचकर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं, लेकिन कुछ अधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर कतई गंभीर नहीं है।

किसानों को थमा दिए नोटिस

वहीं रविवार से कमिश्नरी पार्क में धरने पर बैठे किसान मजदूर संगठन के किसानों ने पुलिस पर अपमान करने का आरोप लगाया था। दो दिन से पैदल यात्रा स्थगित कर धरने पर बैठे किसान गुरुवार को उस वक्त आक्रोशित हो गए थे, जब इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह समेत उनके सहयोगियों को 149 सीआरपीएसी के तहत नोटिस थमा दिए। इस कार्रवाई से किसान उखड़ गए। पुलिस पर अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार शाम को कमिश्नर से वार्ता होनी थी, इससे पहले ही नोटिस थमा दिया गया। अब किसानों ने दो अक्टूबर को कमिश्नरी पार्क में महापंचायत करने का निर्णय लिया है।

यह नोटिस दिया गया किसानों को

सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक के नाम से राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह व उनके सहयोगियों को नोटिस प्राप्त हुआ है। इसमें कहा है कि बिना वैध अनुमति के कमिश्नरी पार्क चौराहे में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। पत्र में लिखा है कि संगठन के लोगों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के पैदल मार्च के दौरान शहर की सड़कों पर अराजकता फैलाने व सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाडऩे की योजना है। पत्र के अंत में चेतावनी दी गई है कि यदि इस तरह का कृत्य किया गया तो व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी