Khelo India Games 2021: खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल हुईं पांच नए भारतीय खेल, इनमें से चार हैं युद्ध कलाएं

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण में पांच नए भारतीय खेलों को शामिल किया गया है। इनमें से चार पारंपरिक भारतीय युद्ध कलाएं हैं जो वर्तमान में विभिन्न राज्यों में सीखी-सिखाई जाती हैं। इनमें केरल का कलीपयट्टू भी है।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 04:32 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 04:32 PM (IST)
Khelo India Games 2021: खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल हुईं पांच नए भारतीय खेल, इनमें से चार हैं युद्ध कलाएं
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण में पांच नए भारतीय खेल शामिल।

[अमित तिवारी] मेरठ। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण में पांच नए भारतीय खेलों को शामिल किया गया है। इनमें से चार पारंपरिक भारतीय युद्ध कलाएं हैं जो वर्तमान में विभिन्न राज्यों में सीखी-सिखाई जाती हैं। इनमें केरल का कलीपयट्टू भी है जिसे फिल्म अभिनेता विद्युत जामवाल प्रचारित करते हैं। इसके अलावा मध्य भारत का मलखंब, पंजाब का गतका और मणिपुर का थांग-ता शामिल हैं। खेलो इंडिया के चौथे संस्करण में तीसरे संस्करण के 19 खेलों को बढ़ाकर अब 25 कर दिया गया है। पांच नए भारतीय खेलों में चार युद्ध कलाओं के साथ योग को शामिल किया गया है। इसके अलावा इस साल हैंडबाल भी खेलो इंडिया का हिस्सा बन गया है।

पंचकूला में नवंबर में होंगी प्रतियोगिताएं

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का चौथा संस्करण 21 नवंबर से हरियाणा के पंचकूला में होगा। खेल मंत्रालय की ओर से खेलो इंडिया के वरिष्ठ निदेशक सत्य नारायण मीना ने प्रदेशों की टीम बनाने का नोटिफिकेशन बुधवार को जारी कर दिया। इसमें 18 साल तक आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ी का जन्म एक जनवरी 2003 या उसके बाद होना चाहिए। प्रतियोगिता में एकल व टीम दोनों तरह के इवेंट होंगे।

यह हैं अन्य खेल

नए शामिल खेलों के अलावा खेलो इडिया यूथ गेम्स में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, जिमनास्टिक, जूडो, निशानेबाजी, तैराकी, भारोत्तोलन, कुश्ती, टेबल-टेनिस, टेनिस और साइक्लिंग एकल इवेंट्स हैं। वहीं टीम खेलों में बास्केटबाल, फुटबाल, हाकी, कबड्डी, खो-खो, वालीबाल और हैंडबाल शामिल है। इन टीमों का चयन नेशनल स्पोट्र्स फेडरेशन और स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया की प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन होगा। सभी प्रदेश अपनी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगे। टाप आठ प्रदेकश की टीमों का विवरण जल्द ही जारी किया जाएगा।

स्कूली छात्रों को मिलेगा मौका

खेलो इंडिया यूथ गेम्स की इस प्रतियोगिता 18 साल के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इससे स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकतर छात्र होंगे अथवा स्नातक प्रथम वर्ष के खिलाड़ी होंगे। खिलाड़ियों काे अपना आधार कार्ड या पासपोर्ट, 10वीं की मार्कशीट या जन्म प्रमाण पत्र देना होगा। जन्म प्रमाण पत्र पांच साल पहले का बना होना चाहिए। इसके अलावा प्रदेश का प्रतिनिधित्य करने के लिए स्कूली बच्चों को स्कूल बोनाफाइड सर्टिफिकेट और स्कूल से निकल चुके खिलाड़ी को डोमिसाइल या पासपोर्ट देना होगा।

इनका कहना है..

-भारतीय मार्शल आट्र्स को बढ़ावा देने से खेलों और इन खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। राज्यों के खेल राष्ट्रीय फलक तक पहुंचेंगे तो अन्य प्रदेश के युवा भी खेलों की ओर आकर्षित होंगे और खेल का प्रसार बढ़ेगा।

-पूर्णेंदु झा, संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ 

chat bot
आपका साथी