Mission 2022: दादा की जन्मस्थली से रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी शुरू करेंगे आशीर्वाद पथ
रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्जवल ने बताया कि रालोद का आशीर्वाद पथ के जरिए पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी हर दिन दो जिलों में जाएंगे। पहले जिले में सुबह 11 बजे व दूसरे जिले में दोपहर डेढ़ बजे में जाएंगे।
बागपत, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी पश्चिम उत्तर प्रदेश में पार्टी की जड़ों को मजबूत करने के लिए आशीर्वाद पथ सात अक्टूबर से अपने दादा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली नूरपुर, हापुड़ से शुरू करेंगे। आगामी विधानसभा के चुनावों के मद्देनजर सभी पार्टियों ने अपनी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रीय लोकदल भी अपनी रणनीति बनाने में जुट गया है। पार्टी को धार देने में जुटे हैं जयंत चौधरी। बीते दिनों बागपत में जयंत चौधरी पगड़ी भी पहनाई गई थी तब उन्होंने कहा था कि वे इस पगड़ी को झुकने नहीं देंगे। इस समारोह में बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता मौजूद थे।
हर दिन दो जिलों में
रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्जवल ने बताया कि रालोद का आशीर्वाद पथ के जरिए पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी हर दिन दो जिलों में जाएंगे। पहले जिले में सुबह 11 बजे व दूसरे जिले में दोपहर डेढ़ बजे में जाएंगे। जयंत चौधरी सात अक्टूबर को हापुड़ के नुरपुर से आशीर्वाद पथ का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद जयंत अलीगढ़ के खैर, 11 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना, बिजनौर के चांदपुर, 13 अक्टूबर को हाथरस के सादाबाद, बुलंदशहर के बीबी नगर, 16 अक्टूबर को सहारनपुर के गंगोह, गाजियाबाद के मुरादनगर, 18 अक्टूबर को शामली का थानाभवन, मेरठ के सिवालखास, 20 अक्टूबर को अमरोहा का नौगावा सादात, गौतमबुद्धनगर के जेवर, 25 अक्टूबर को आगरा के फतेहपुर सीकरी, मथुरा के गोवर्धन, 27 अक्टूबर को रामपुर के बिलासपुर, मुरादाबाद के कांठ जाएंगे। आशीर्वाद पथ का समापन 28 अक्टूबर को बागपत के बड़ौत में होगा। कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से जुटने के लिए कहा गया है।
प्रबंधन समिति का गठन
कुलदीप उज्ज्वल ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के आशीर्वाद पथ कार्यक्रम की प्रबंधन समिति का गठन किया है। इसमें पूर्व सांसद मुंशीराम, बागपत निवासी कुलदीप उज्ज्वल, पूर्व विधायक पंडित सुदेश शर्मा, चौ. फहीमउद्दीन व रामरसपाल पौनियां शामिल हैं।
अनशन को रालोद ने दिया समर्थन
मेरठ : सूरजकुंड पर चल रहे भारतीय जनसाधारण पार्टी के 35वें दिन क्रमिक अनशन पर राष्ट्रीय लोकदल ने अपना समर्थन दिया। क्रमिक अनशन पर अशोक सिवाच, दिनेश चौहान, मुक्ता चौधरी व श्याम सिंह रहे। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौ. यशवीर सिंह ने गुरुवार को मंच पर पहुंचकर अशोक सिवाच की मांगों को पूर्ण समर्थन दिया। डाक्टरों की फीस निर्धारित व कमीशन बंद किए जाएं। बिरेंद्र सिंह, रविंद्र ध्यानी, राहुल कंसल, सतीश चंद्र, कुलदीप त्यागी, सुशील गौड़, पवन व चरण सिंह मौजूद रहे।