जेल प्रशासन ने कोर्ट में भेजी 230 बंदियों की अर्जी

जेल में अच्छे आचरण वाले 250 बंदी रिहाई के लिए चिंहित किए गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 02:10 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 02:10 AM (IST)
जेल प्रशासन ने कोर्ट में भेजी 230 बंदियों की अर्जी
जेल प्रशासन ने कोर्ट में भेजी 230 बंदियों की अर्जी

मेरठ, जेएनएन। जेल में अच्छे आचरण वाले 250 बंदी रिहाई के लिए चिंहित किए गए हैं। जेल प्रशासन की तरफ से 230 बंदियों के प्रार्थना पत्र अग्रिम जमानत को मिल गए थे, जिन्हें कोर्ट में भेजकर दो माह की जमानत ले ली गई है। देर शाम जेल प्रशासन की तरफ से दस बंदियों को जेल से रिहा किया गया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक बीडी पाडेय ने बताया कि जेल में क्षमता से अधिक बंदी भरे हैं। जिनसे कोरोना फैल सकता है। इसलिए डीजीपी जेल की सदस्यता में बनाई गई कमेटी में निर्णय लिया कि सात साल से कम सजा वाले विचाराधीन और सजायाफ्ता बंदियों को दो माह के लिए छोड़ दिया जाए। विचाराधीन को दो माह की अग्रिम जमानत दे दी जाए, जबकि सजायाफ्ता को दो माह का पैरोल स्वीकृत किया जाए। इस सूची में ऐसे बंदियों का रखा गया है, जिनका आचरण अच्छा है। जेल प्रशासन की तरफ से विचाराधीन 250 और सजायाफ्ता 70 बंदियों की सूची तैयार की गई है। बुधवार को विचाराधीन बंदियों में से 230 ने अग्रिम जमानत के लिए जेल प्रशासन को प्रार्थना पत्र दे दिया है। उसके बाद जेल प्रशासन की तरफ से सभी बंदियों की अग्रिम जमानत को कोर्ट में अर्जी लगा दी है। आदेश मिलने के बाद ही सजायाफ्ता बंदियों का पैरोल पर छोड़ा जाएगा।

छेड़छाड़ के विरोध पर हमला, सात घायल : छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोरी के परिवार पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों में हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में लिया है।

नौचंदी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति के मुताबिक पड़ोसी युवक उनकी बेटी से छेड़छाड़ करता है। छेड़छाड़ के आरोप में युवक जेल भी जा चुका है। मंगलवार शाम उनकी छोटी बेटी घर के बरामदे में बैठी हुई थी। उसी समय आरोपित ने अपनी छत से बेटी पर फब्तियां कसी। उसने विरोध किया तो अभद्रता की गई। इसी बीच दोनों परिवारों की महिलाएं आपस में भिड़ गई। आसपास के लोगों ने उन्हें छुड़ाया। आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर पर हमला कर दिया। उनके परिवार के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। नौचंदी इंस्पेक्टर प्रेमचंद्र शर्मा का कहना है कि आरोपित युवक व उसके एक साथी को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी