उद्योग जगत ने कोरोना पीड़ितों के लिए खोली खजाने की थैली, इस तरह कर रहे मदद

इन दिनों पूरे देश में आक्सीजन के लिए मारामारी मची हुई है। आक्सीजन की कमी से मरीज घुट-घुटकर मर रहे हैं। शामली में कोई आक्सीजन प्लांट ही नहीं है। ऐसे में कोरोना संक्रमितों के लिए उद्योग जगत और जैन समाज ने अपने खजाने का मुंह खोला है।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Tue, 04 May 2021 03:51 PM (IST) Updated:Tue, 04 May 2021 03:51 PM (IST)
उद्योग जगत ने कोरोना पीड़ितों के लिए खोली खजाने की थैली, इस तरह कर रहे मदद
शामली में कोरोना संक्रमितों की मदद को आगे आए उद्यमी।

शामली, जेएनएन। दर्द और पीड़ा से कराह रहे कोरोना संक्रमितों के लिए उद्योग जगत और जैन समाज ने अपने खजाने का मुंह खोला है। साइमा और आइआइए ने 40 आक्सीफ्लो मीटर मंगाए हैं। इनमें से दस आक्सीफ्लोमीटर मंगलवार को सीएमओ को सौंप दिए जाएंगे और शेष भी जल्द ही स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। 20 आक्सीजन कंसंट्रेटर भी मंगाए हैं। ये जनपद के जरूरतमंद लोगों को जल्दी उपलब्ध कराए जाएंगे। कोरोना पीड़ितों के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

इन दिनों पूरे देश में आक्सीजन के लिए मारामारी मची हुई है। आक्सीजन की कमी से मरीज घुट-घुटकर मर रहे हैं। शामली में कोई आक्सीजन प्लांट ही नहीं है। यहां पर कंडेला में केवल एक रीफिलिंग प्लांट है। यहां पर मोदीनगर से टैंकर में गैस आती है और यहां पर सिलेंडरों में भरी जाती है। ये सिलेंडर एल-2 कोविड अस्पताल और अन्य अस्पतालों को आपूर्ति किए जाते हैं। कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद गैस के सिलेंडरों के लिए मारामारी मची हुई है। गैस आने में थोड़ी सी भी देरी हो जाती है तो अस्पताल में हाहाकार मच जाता है। इस समस्या के निदान के लिए उद्योग जगत ने पहल की है। स्माल इंडस्ट्रीज आफ मेन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन (साइमा) और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आइआइए) ने आक्सीजन के संकट से जूझ रहे लोगों के लिए विशेष अभियान चलाया है। जिन मरीजों में आक्सीजन की थोड़ी बहुत दिक्कत हैं, उन्हें आक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए जाएंगे। करीब 55,000 रुपये कीमत की यह मशीन हवा और पानी से सीधे आक्सीजन बना देती है और मरीज को तत्काल राहत मिल जाती है। मरीजों के उपचार के लिए यह बेहद कारगर हे। आइआइए और साइमा ने 20 मशीनों का आर्डर दिया है। इसके अलावा गंभीर रूप से बीमार मरीज को सीधे सिलेंडर से आक्सीजन दी जाती है। मरीज को आक्सीजन देने के लिए आक्सीफ्लो मीटर की जरूरत होती है। इन दिनों इसका बेहद संकट है। इसके बिना गैस होने के बावजूद मरीज को आक्सीजन नहीं दी जा सकती। सोमवार को साइमा ने दस आक्सीफ्लोमीटर खरीदे हैं।

मंगलवार को इन्हें सीएमओ शामली को सौंप दिया जाएगा, ताकि अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा भारतीय जैन संगठन के पश्चिमी उप्र के अध्यक्ष मोहित जैन का कहना है कि उन्होंने भी दस आक्सीजन कंसंट्रेटर मंगाए हैं। जल्द ही ये सभी शामली जनपद के लोगों को सुपुर्द किए जाएंगे।

आम जनता के लिए जिले में कंसंट्रेटर बैंक बनाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि आक्सीजन सिलेंडर की किल्लत से मरीज व उनके तीमारदारों को कहीं किसी तरह की कोई परेशानी न हो। साथ ही जिले के विभिन्न अस्प्पतालों में भर्ती तमाम मरीजों का उपचार सही ढ़ग से हो सके।

इन्‍होंने कहा...

आक्सीजन की किल्लत में किसी भी मरीज की जान जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने आक्सीफ्लो मीटर और आक्सीजन कंसंट्रेटर की कमी बताई थी। 40 आक्सीफ्लोमीटर जल्द ही स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। 20 आक्सीजन कंसंट्रेटर भी शामली के लोगों के लिए खरीदे जा रहे हैं।

- अंकित गोयल, अध्यक्ष साइमा।

 

chat bot
आपका साथी