इंद्रेश कुमार ने कहा, अधिक बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाने की जरूरत
मेरठ में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक वं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि अशिक्षा और अधिक बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति के कारण देश में जनसंख्या का असंतुलन बढ़ा है ।
मेरठ, जेएनएन। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि अशिक्षा और अधिक बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति के कारण देश में जनसंख्या का असंतुलन बढ़ा है। जनसंख्या का अनियंत्रित विस्फोट हो रहा है जिससे देश में बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और कुपोषण बढ़ रहा है। वह फाउंडेशन द्वारा निकाली गई यात्रा के मेरठ पहुंचने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश के 66 जिलों में जारी जनसंख्या समाधान यात्रा गाजियाबाद से चलकर शनिवार दोपहर बाद मेरठ पहुंची।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत विश्व की लगभग 18 प्रतिशत जनसंख्या का भार वहन कर रहा है, जबकि आबादी के अनुपात में हमारा भूभाग बहुत कम यानी लगभग 2.4 प्रतिशत है। जल भी विश्व का मात्र चार प्रतिशत है। यही कारण है कि सरकार के तमाम उपायों के बावजूद देश में बेरोजगारी और गरीबी की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अब तो बुरी शक्तियां भी पाप कम करने अयोध्या दर्शन करने पहुंच रही हैं, इसलिए अच्छे लोगों को तो जरूर जाना चाहिए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि जनसंख्या असंतुलन की इस समस्या के समाधान के लिए देश के सभी नागरिकों के लिए जाति, धर्म, क्षेत्र व भाषा से ऊपर उठकर समान रूप से एक कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना अत्यावश्यक है। जो भी दल जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध करेगा, देश की जनता उसका सफाया कर देगी।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रङ्क्षवद्र गुर्जर और राष्ट्रीय सचिव विनोद भाटी ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर को अयोध्या में यात्रा का समापन होगा। राष्ट्रीय संयोजक ममता सहगल, राष्ट्रीय महासचिव धर्मेंद्र धामा, सुनील शर्मा, सुधीर शर्मा आदि मौजूद रहे।