Illegal Firecrackers: मेरठ में आइजी का सख्‍त रुख, बोले-पटाखों का अवैध भंडारण मिलने पर थानाध्यक्ष होंगे जिम्मेदार

Illegal Firecrackers दीपावली पर होने वाले हादसों को देखते हुए मेरठ के आइजी ने सख्त रुख अपनाया। कहा कि यदि कहीं अवैध भंडारण मिला तो इसके जिम्मेदार थाना प्रभारी होंगे। हाल ही में अवैध पटाखे मिलने पर सख्त रुख अपनाया गया था।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:50 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 03:50 PM (IST)
Illegal Firecrackers: मेरठ में आइजी का सख्‍त रुख, बोले-पटाखों का अवैध भंडारण मिलने पर थानाध्यक्ष होंगे जिम्मेदार
मेरठ रेंज के सभी थाना प्रभारियों को कार्रवाई का दिया निर्देश।

मेरठ, जागरण संवाददाता। दीपावली से पहले पटाखों का अवैध भंडारण शुरू हो गया है। इसकी शिकायतें अफसरों तक पहुंचनी शुरू हो गई हैं। इसके चलते ही आइजी प्रवीण कुमार ने रेंज के सभी थाना प्रभारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध भंडारण मिला, तो इसके जिम्मेदार थाना प्रभारी होंगे। हाल ही में मेरठ, गाजियाबाद और अन्य जगहों पर अवैध पटाखे मिलने पर सख्त रुख अपनाया है।

मुनाफाखोर भी सक्रिय

त्योहार की तैयारी शुरू हो चुकी है। ऐसे में मुनाफाखोर भी सक्रिय हैं। उन्होंने पटाखों का अवैध भंडारण शुरू कर दिया है। इससे हादसा होने की संभावना बनी रहती है। साथ ही अवैध रूप से भी आतिशबाजी का सामान तैयार किया जा रहा है। पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके चलते ही आइजी प्रवीण कुमार ने अवैध भंडारण करने वालों के साथ ही बिना लाइसेंस पटाखे बनाने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

जिम्मेदार थानाध्यक्ष होंगे

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पटाखों का अवैध भंडारण मिला तो इसके जिम्मेदार थानाध्यक्ष होंगे। उन्होंने इस मामले में लापरवाही नहीं बरतने के लिए कहा है। इस संबंध में रेंज के सभी कप्तानों को भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उनसे खुद इस पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

आवास नहीं छोडऩे वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई : एसएसपी

गैर जनपद में स्थानांतरण होने के बाद भी बड़ी संख्या में ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जिन्होंने थानों का आवास नहीं छोड़ा है। इसके चलते ही जिले में तैनात पुलिसकर्मियों के सामने आवास की समस्या खड़ी हो गई है। वह थाना परिसर से बाहर किराये पर रहने को मजबूर हैं। साथ ही उनकी थानों से भी काफी दूरी हो जाती है। जरूरत के वक्त वह देरी से पहुंचते हैं।

मानक के हिसाब से किराया

इसकी जानकारी संज्ञान में आने पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों से गैरजनपद में स्थानांतरण होने के बाद भी आवास नहीं छोडऩे वालों की सूची मांगी है। इसके बाद उनसे मानक के हिसाब से किराया वसूला जाएगा। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। इसके बाद भी यदि कोई आवास को खाली नहीं करता है, तो उनकेे खिलाफ सख्ती भी की जा सकती है। वहीं, इसकी जानकारी होते ही कुछ पुलिसकर्मियों ने आवास को खाली करना भी शुरू कर दिया है।

chat bot
आपका साथी