सरधना में आनरकिलिंग : बहन की गोली मारकर हत्या
चार दिन पहले एक किशोरी गांव में रिश्तेदारी में आए युवक के साथ चली गई थी। दो दिन बाद ही पुलिस ने उसे मथुरा से बरामद कर लिया। तभी से किशोरी का भाई गुस्से में थे।
मेरठ, जेएनएन। चार दिन पहले एक किशोरी गांव में रिश्तेदारी में आए युवक के साथ चली गई थी। दो दिन बाद ही पुलिस ने उसे मथुरा से बरामद कर लिया। तभी से किशोरी का भाई गुस्से में थे। शुक्रवार रात उसने तमंचे से गोली मारकर बहन की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को मर्चरी भिजवा दिया। मृतका के ताऊ ने आरोपित के खिलाफ तहरीर दी है।
जानी थाना क्षेत्र के कलंजरी गांव निवासी युवक की सरधना थाना क्षेत्र के छुर गांव में ननिहाल है। उसका आना-जाना लगा रहता है। इस दौरान उसका प्रेम-प्रसंग गांव निवासी चंचल से हो गया। इसकी जानकारी जब स्वजन को लगी तो उन्होंने उसका घर से निकलना बंद कर दिया था। बताया गया कि चार दिन पहले वह युवक के साथ चली गई थी। स्वजन ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लिया था। दो दिन बाद पुलिस ने किशोरी को मथुरा के भावनपुर थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया था। किशोरी के ताऊ अमर पाल ने बताया कि तभी से उसका भाई शेखर नाराज चल रहा था। शुक्रवार देर रात घर में भाई बहन और उनकी मां थी। रात को शेखर ने चंचल के गले पर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। आसपास के लोगों ने गोली चलने की बात पुलिस को बताई। सीओ और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। किशोरी घर में मृत पड़ी थी। शव को मर्चरी भेज दिया। ताऊ ने आरोपित युवक के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि चार दिन पहले लड़की प्रेमी के साथ चली गई थी। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया था। शुक्रवार को उसके भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपित को पकड़ने के लिए टीम लगी हुई है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
दो दिन पहले लाया था तमंचा, मौका मिलते ही मार दिया : बहन की हत्या करने के लिए आरोपित युवक दो दिन पहले ही तमंचा लेकर आ गया था। वह स्वजन से कह रहा था कि उसे मार देगा, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, शुक्रवार को वह दिन भर शराब पीता रहा। रात में बहन से विवाद के बाद गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया गया कि जब से किशोरी को पुलिस बरामद करके लाई थी, तभी से युवक का उससे विवाद चल रहा था। उसका कहना था कि गांव में काफी बदनामी हो चुकी है। सब लोग उसे परेशान कर रहे हैं। एक साल पहले भी वह किसी के साथ चली गई थी। तब का दाग अभी तक दूर नहीं हुआ था। अब फिर से उसने सिर झुका दिया। इस बार वह मामले को खत्म करने के चक्कर में था। तभी तो दो दिन पहले ही तमंचा ले आया था। बहन को मारने की धमकी दे रहा था, लेकिन किसी ने भी गंभीरता से नहीं लिया। शुक्रवार को उसने दिनभर शराब पी। रात को उसका बहन से झगड़ा हो गया था। मां ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसी बीच तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। घटना के बाद मां सदमे में आ गई थी। उसने इसकी जानकारी पास में रहने वाले रिश्तेदारों को भी नहीं दी थी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। उधर, पुलिस ने देर रात गांव के ही एक युवक को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि वह युवक का करीबी है। शाम को वह उसके साथ ही था। उससे तमंचे के बाबत भी पुलिस पूछताछ कर रही है।