केआइसी में पुरातन छात्र शूटर शहजर का सम्मान

कृषक इंटर कालेज में विद्यालय के पुरातन छात्र एवं अंतरराट्रीय निशानेबाज शहजर रिजवी का सम्मान किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 08:10 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 08:10 PM (IST)
केआइसी में पुरातन छात्र शूटर शहजर का सम्मान
केआइसी में पुरातन छात्र शूटर शहजर का सम्मान

मेरठ, जेएनएन। कृषक इंटर कालेज में विद्यालय के पुरातन छात्र एवं अंतरराट्रीय निशानेबाज शहजर रिजवी का टोक्यो (जापान) में प्रस्तावित आगामी ओलंपित खेलों के लिए चयन होने पर बुधवार को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

उक्त कालेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार द्वारा शहजर रिजवी निवासी मवाना खुर्द का सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में कालेज में पद ग्रहण किया था। कालेज में उनकी नजर ऐसे छात्र पर पड़ी जो गुलेल व कंचों से निशाना लगा रहा था। छात्र की लगन देख उसे बुलाया और एनसीसी के माध्यम से निशानेबाजी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। वह छात्र कोई और नहीं अंतराष्ट्रीय शूटर शहजर रिजवी था।

वहीं शूटर रिजवी ने कहा कि एक श्रेष्ठ गुरु ही बाल्यकाल में प्रतिभा को पहचानकर सही दिशा-निर्देश दे कर विद्यार्थी को सफलता की राह दिखा सकता है। प्रधानाचार्य ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उनकी चेतना को जगाया। कहा कि भविष्य में इस विद्यालय के लिए जो भी संभव होगा सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास करुंगा और चाहूंगा कि यहां से निकलकर नयी पीढ़ी के खिलाड़ी भी देश सेवा में निरन्तर अपना योगदान देते रहे। इस मौके पर अरविद विजयी, लेफ्टिनेंट चन्द्रप्रताप, सतीश कुमार, सुरेन्द्र सिंह, दिनेश आदि उपस्थित रहे।

गायत्री अनुष्ठान पर यज्ञ का आयोजन: शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में बुधवार को दबथुवा निवासी कालूराम के आवास पर गायत्री अनुष्ठान के समापन पर यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष रघुवर दयाल बंसल ने कहा कि हमें धर्म की राह पर चलकर अपनी संस्कृति को अपनाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी