मेरठ में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाना सरकार की प्राथमिकता: नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन

मेरठ में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने की दिशा में सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। कूड़ा निस्तारण सरकार की प्राथमिकता में है। कूड़े के पहाड़ खत्म करके शहर को स्वच्छ व हरा-भरा बनाना है। इस दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

By Himanshu DwivediEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 11:55 AM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 11:55 AM (IST)
मेरठ में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाना सरकार की प्राथमिकता: नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन
मेरठ में आज नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने की दिशा में सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। कूड़ा निस्तारण सरकार की प्राथमिकता में है। कूड़े के पहाड़ खत्म करके शहर को स्वच्छ व हरा-भरा बनाना है। इस दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। बुधवार की रात सर्किट हाउस पहुंचे नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में ये बातें कहीं।

शहर में प्रतिदिन 900 टन कचरा उत्सर्जित होता है। ऐसे में इंटीग्रेटेड कचरा निस्तारण प्लांट की आवश्यकता पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि कूड़े के पहाड़ भी खत्म करने हैं और शहर में प्रतिदिन उत्सर्जित कचरे का निस्तारण भी करना है। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने से कचरे का समग्र निस्तारण संभव होगा। दिल्ली रोड पर रैपिड रेल का कार्य चल रहा है। लेकिन परतापुर से बेगमपुल तक सीवर लाइन नहीं है। जबकि सीवर ट्रंक लाइन मुख्य रोड पर ही पड़ती है। इस पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि नगर विकास व नगर निगम अधिकारियों से बात करेंगे। अगर जरूरत है तो सीवर लाइन डालने पर विचार किया जाएगा। नाला और सीवर को अलग-अलग करने व शत-प्रतिशत सीवर लाइन से शहर को आच्छादित करने के बारे में उन्होंने कहा कि 220 एमएलडी का एसटीपी प्रस्तावित है। इसे जल्द से जल्द स्थापित करने का काम करके शहर की यह समस्या कम की जाएगी। इस संबंध में भी अधिकारियों से बातचीत करेंगे। नगर विकास मंत्री ने कहा कि खुले नालों की समस्या संज्ञान में आई है। नालों को ढकने की क्या प्रक्रिया है, कितना उचित होगा। इस बारे में नगर विकास विभाग के अधिकारियों से बात कर विचार करेंगे। जलभराव की समस्या पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि नाला सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्षा ऋतु से पहले ही नाला सफाई युद्ध स्तर पर कराने के निर्देश दिए गए थे। जलभराव की स्थिति क्यों बन रही है। यह निगम अधिकारियों से जानकारी लेंगे व समाधान कराया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने सर्किट हाउस पर किया स्वागत

नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन बुधवार रात 7.40 बजे गढ़ मुक्तेश्वर से कार द्वारा मेरठ सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी, विधायक सत्यवीर त्यागी, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, पार्षद विपिन जिंदल, ललित नागदेव समेत अन्य ने नगर विकास मंत्री का जोरदार स्वागत किया। जिलाधिकारी के बालाजी व नगर आयुक्त मनीष बंसल समेत निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों से शहर के विकास कार्यों की नब्ज भी जानी। रात 10 बजे तक वे जनप्रतिनिधियों से मिले। 

chat bot
आपका साथी