भारी बारिश को लेकर सरकार अलर्ट, नगर निगम बेखबर

भारी बारिश की चेतावनी के बाद भले ही प्रदेश सरकार अलर्ट पर हो लेकिन नगर निगम बेखबर बना हुआ है। मेरठ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Sep 2019 10:00 AM (IST) Updated:Sun, 29 Sep 2019 06:23 AM (IST)
भारी बारिश को लेकर सरकार अलर्ट, नगर निगम बेखबर
भारी बारिश को लेकर सरकार अलर्ट, नगर निगम बेखबर

मेरठ, जेएनएन। भारी बारिश की चेतावनी के बाद भले ही प्रदेश सरकार अलर्ट पर हो, लेकिन नगर निगम बेखबर बना हुआ है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी नगर निगम क्षेत्र में बारिश से निपटने के इंतजाम शुक्रवार को दूर तलक नजर नहीं आए। शहर के नाले कूड़े और गोबर से अटे पड़े हैं। दो घंटे भी जोरदार बारिश हुई तो जलभराव होना तय है।

इन दिनों पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की चेतावनी मौसम विभाग जारी कर चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सभी जिलों के डीएम को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि बारिश से निपटने की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। यह निर्देश सुबह 11 बजे मिले चुके थे, लेकिन नगर निगम के स्वास्थ्य महकमे को शाम चार बजे तक इसकी भनक भी नहीं थी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह से जब बारिश की तैयारियों के इंतजाम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें कहीं से कोई अलर्ट का आदेश नहीं मिला है, लेकिन बारिश में जलभराव की स्थिति से निपटने नगर निगम तैयार है। कूड़े व गोबर से अटे हैं नाले

शहर में छोटे-बड़े 300 से अधिक नाले हैं। बड़े नालों में आबू नाला एक व दो, ओडियन नाला, कोटला नाला, रेलवे रोड का नाला, डीएन कालेज का नाला, बच्चा पार्क वाला नाला, मोहनपुरी का नाला, पांडव नगर नाला, यूनिवर्सिटी रोड नाला समेत करीब 39 बड़े नालों का हाल बुरा है। नालों की पुलिया के समीप कूड़ा और गोबर की सिल्ट जमा है। सफाई नहीं हुई है। यह बारिश के पानी के बहाव में रुकावट पैदा कर सकता है। आसमान में बादलों की गश्त, लुढ़का पारा

मेरठ : पूर्वी उत्तर प्रदेश अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। हालांकि मेरठ में भारी बारिश की संभावना नहीं है। शुक्रवार को नम हवाओं के चलते आसमान में बादल छाए रहे।

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नम हवाएं पूरे उत्तर प्रदेश में प्रभाव है। जनपद में भी मौसम में बदलाव आया है। जिससे दिन का तापमान भी गिरा है। पिछले 24 घंटे की तुलना में अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री गिर गया और 30 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। दिन में तपिश का अहसास नहीं हुआ। आसमान में बादलों की गश्त जारी रही। कई जगह बौछारें भी पड़ी। रात में भी मौसम नरम बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा। पश्चिम उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश का अनुमान है।

सितंबर में अब तक सामान्य से कम बारिश

सितंबर में औसत बारिश 136 मिमी है। इस बार 105 मिमी बारिश अब तक हुई है। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि मानसून सीजन की बारिश मेरठ में पांच प्रतिशत कम है।

chat bot
आपका साथी