Gold Price: सोना फिर हुआ 50 हजारी, चांदी भी चमकी, सायों के सीजन में दामों में तेजी से ग्राहक असमंजस में

कोरोना की दूसरी लहर में सोने का भाव 50 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम को पार कर गया है। 77 दिन बाद सोने के दामों ने इस ऊंचाई को स्पर्श किया है। सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर फिर से सोने की ओर आकर्षति हो रहे निवेशक।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 06:49 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 06:49 PM (IST)
Gold Price: सोना फिर हुआ 50 हजारी, चांदी भी चमकी, सायों के सीजन में दामों में तेजी से ग्राहक असमंजस में
कोरोना की दूसरी लहर में सोना फिर हुआ 50 हजारी।

मेरठ, [ओम बाजपेयी]। कोरोना की दूसरी लहर में सोने का भाव 50 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम को पार कर गया है। 77 दिन बाद सोने के दामों ने इस ऊंचाई को स्पर्श किया है। गुरुवार को सोने की कीमत 50,050 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की 70,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। सायों के सीजन में दामों में तेजी से ग्राहक असमंजस में हैं। यह रेट 24 कैरेट सोने के हैं।

तीन फरवरी 2021 को सोने के दाम लगातार गिरते हुए 50,000 के नीचे लुढ़क गए थे। दो फरवरी को सोने का दाम 50,350 था तो तीन फरवरी को 49900 रुपये प्रति 10 ग्राम के हिसाब से बाजार खुला था। चांदी का रेट भी गुरुवार को वर्ष 2021 में अब तक के सर्वाधिक बिंदु पर पहुंच गया। 2020 में कोरोना के प्रथम वार के दौरान 22 मार्च को लाकडाउन लगाया गया था। जून से व्यापारिक गतिविधियां फिर से शुरू हुई थीं। उस दौरान तेजी से सोने चांदी के दाम में जबरदस्त उछाल आया था। सोने के दाम सात अगस्त 2020 को सबसे उच्चतम बिंदु पर पहुंच गए थे। इस दिन सोना 58000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 71,500 रुपये प्रति किलोग्राम थी। कोरोना की प्रथम लहर का जैसे-जैसे प्रभाव समाप्त होता गया और व्यापारिक और अन्य गतिविधियां पटरी पर आती गईं तो सोने के दाम गिरने लगे थे। 31 मार्च 2021 को सोने के रेट 46150 और चांदी गिरकर 64400 रुपये पर पहुंच गई थी।

अच्छा रिटर्न दे रहा है सोना

देश में सोने का धार्मिक और पारंपरिक महत्व है, तो विश्व में भी इस पीली धातु के प्रति विशेष रूप से महिलाओं में गजब का आकर्षण है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद अगर देखा जाए तो सोने में अच्छा खासा रिटर्न मिल रहा है। 2019 की 22 अप्रैल को सोने के दाम 32700 थे। अर्थात दो साल की अवधि में डेढ़ गुनी अर्थात 53 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। अगर पिछले एक साल में सबसे कम दामों की भी तुलना करें तो सोने के भाव निवेशकों का हौसला बढ़ाए हुए हैं। लाकडाउन लगने के पहले 20 मार्च 2020 को सोने के दाम 42100 रुपये थे। उसके बाद सोने की सबसे कम कीमत की तुलना करें तो भी 10 फीसद का रिटर्न लोगों को सोना दे गया है। मनोहर लाल सर्राफ एंड संस के क्वालिटी कंट्रोल हेड विकास सक्सेना ने बताया कि आने वाले दिनों में सोना 55000 तक पहुंच सकता है।

इस वर्ष तीन फरवरी को सोना 50 हजार के नीचे आया था

अप्रैल में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप बढ़ते ही सोने के भाव फिर से तेज होने लगे हैं। 22 दिनों में सोने के दामों में 3900 का उछाल आया है, वहीं चांदी की चमक में 5100 रुपये का इजाफा हुआ है। बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार महामारी, युद्ध या किसी आपदा से जब व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं, उस समय लोगों का रुझान सोने की ओर बढ़ जाता है क्योंकि इसमें निवेश सुरक्षित माना जाता है।

सोने से कहीं ज्यादा तेजी चांदी में

मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया दो साल में चांदी के दामों की तुलना करें तो इसमें सोने की तुलना में कहीं अधिक बढ़ोतरी हुई है। 22 अप्रैल 2019 को चांदी 38200 रुपये प्रति किलो थी। गुरुवार के रेटों से तुलना करें तो इसमें 80 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। 

chat bot
आपका साथी