पांच कुंतल फलों से हुआ देवी का श्रृंगार

सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर वैदिक पद्धति से नवरात्र पूजन हो रहा है। शनिवार को महा गौरी का पूजन हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 09:12 AM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 09:12 AM (IST)
पांच कुंतल फलों से हुआ देवी का श्रृंगार
पांच कुंतल फलों से हुआ देवी का श्रृंगार

मेरठ, जेएनएन। सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर वैदिक पद्धति से नवरात्र पूजन हो रहा है। शनिवार को महा गौरी का पूजन हुआ। इस अवसर पर 11 प्रकार के फलों से देवी का श्रंगार किया गया। ब्रह्मचारी राधिकानंद ने बताया कि पांच कुंतल फलों का प्रयोग किया गया। एक हजार लड्डुओं का भोग लगाया गया। बताया कि शंकराचार्य पद्धति से देवी का पूजन किया जा रहा है। बाबा मनोहर नाथ मंदिर में शाम को हवन का आयोजन हुआ। जागृति विहार मंशा देवी मंदिर, जयदेवी नगर स्थित गोल मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। अष्टमी और नवमी के चलते लोगों ने कन्याओं का पूजन किया और भोजन कराया। शहर में बेगमपुल, सूरजकुंड, गढ़ रोड आदि स्थलों पर भंडारे का आयोजन हुआ।

दहशरा पूजन का शुभ समय

रविवार को सुबह 7.42 के बाद दशमी लग जाएगी। ज्योतिषविद् भारत ज्ञान भूषण ने कहा कि दशहरा पूजन का लाभामृत योग सुबह नौ बजे से 12 बजे तक है। दोपहर 1.30 से तीन बजे तक शुभ योग है।

दुर्गा बाड़ी पहुंची पुलिस, दी चेतावनी

सदर दुर्गा बाड़ी में भीड़ की सूचना पर शनिवार को पुलिस पहुंची और उपस्थित लोगों को वीडियो में कैद करने लगी। आयोजकों के पूछने पर कहा कि गाइडलाइन से अधिक लोगों के उपस्थित होने की सूचना मिली है। कार्रवाई की चेतावनी दी। इस पर आयोजकों में अफरातफरी मच गई। जिस समय पुलिस पहुंची उस समय अधिकांश भक्त परिसर में रखी कुíसयों पर बैठे थे। उसमें अधिकांश बुजुर्ग लोग थे। कुछ लोग वेदी के समक्ष दर्शन के लिए खड़े थे। पुलिस की चेतावनी के बाद कमेटी ने उन भक्तों को जाने के लिए कहा कि जो दर्शन कर चुके थे। लोगों में पुलिस की चेतावनी को लेकर रोष भी रहा। दूर दराज से आए भक्तों को वापस लौटना पड़ा।

थाने में हुआ कन्या पूजन

सदर और लालकुर्ती थाने में शनिवार को कन्या पूजन हुआ है। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कन्याओं को भोजन कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। कन्याओं ने भी उपहार लेने के बाद पुलिसकर्मियों को थैंक यू अंकल बोला। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस महिलाओं को और भी सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। उनकी समस्या के निस्तारण के लिए थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। कैंट एएसपी डा. इरज राजा ने सदर थाना परिसर में कन्या पूजन किया। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए कन्याओं को भोजन कराया गया।

chat bot
आपका साथी