मेरठ शहर में 24 घंटे के अंदर चार वारदात, बदमाशों की खुली चुनौती

पुलिस के इकबाल को बदमाश चुनौती दे रहे हैं। बदमाशों ने 24 घंटे में ही लूट अ

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 10:10 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 10:10 AM (IST)
मेरठ शहर में 24 घंटे के अंदर चार वारदात, बदमाशों की खुली चुनौती
मेरठ शहर में 24 घंटे के अंदर चार वारदात, बदमाशों की खुली चुनौती

मेरठ,जेएनएन। पुलिस के इकबाल को बदमाश चुनौती दे रहे हैं। बदमाशों ने 24 घंटे में ही लूट और चोरी की ताबड़तोड़ चार वारदात को अंजाम दिया। कहीं कारोबारी को निशाना बनाया तो कहीं व्यापारी का घर खंगाल डाला। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर ही युवक की बाइक चोरी कर ली। वहीं, छात्रा से लूट के मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वारदात 1

परिवार रिश्तेदारी में, लाखों का माल साफ

नौचंदी थाना क्षेत्र के शिव सरोवर कालोनी निवासी राजकमल राजपूत की सिक्योरिटी एजेंसी है। शुक्रवार शाम वह पत्नी और बेटा-बेटी के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में बिजनौर गए थे। रविवार दोपहर को लौटे तो मेन गेट का ताला लगा था, वहीं भीतर के ताले टूटे हुए थे। बदमाश घर में रखे करीब दो लाख रुपये, चार लाख के सोने के जेवर और चांदी के सौ सिक्के व अन्य आभूषण ले गए। थाना पुलिस और फोरेंसिक की टीम भी पहुंच गई। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो बदमाश शनिवार रात करीब एक बजे वैगनआर से आते दिखाई दे रहे हैं। करीब दो घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि एक बच्चा भी साथ में दिखाई दे रहा है। खिड़की के जरिए भीतर से संभवत: उसने ही दरवाजा खोला होगा। इसके बाद सेफ और अलमारी के ताले तोड़े गए। वारदात 2

स्टील कारोबारी से मोबाइल लूटा

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फिरोज नगर घंटे वाली गली निवासी नसीरूद्दीन स्टील कारोबारी हैं। उनकी साली मेडिकल कालेज में भर्ती है। शनिवार रात वह उसे देखने के लिए गए थे। देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भूमिया पुल पर पहुंचे तो फोन आ गया। वह सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक आए और मोबाइल लूटने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर गए। उन्होंने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि उनको सुबह तहरीर देने के लिए कहा। वह ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे तो लिसाड़ी गेट भेज दिया। वहां से ब्रह्मपुरी के लिए कह दिया। हालांकि वह ब्रह्मपुरी थाने में तहरीर देकर चले गए। वारदात 3

डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के पास से बाइक चोरी

बागपत निवासी विशाल सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहनपुरी निवासी मामा के यहां आया हुआ है। रविवार सुबह वह मामा के बेटों के साथ विक्टोरिया पार्क में क्रिकेट खेलने के लिए आया था। बाइक उसने मैदान के पास ही खड़ी कर दी थी। जब वह लौटा तो बाइक नहीं थी। उसने कंट्रोल रूम को सूचना दी। वहीं, विक्टोरिया पार्क के पास ही डिप्टी सीएम का कार्यक्रम भी था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। इसके बावजूद चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

वारदात 4

छात्रा से लूट में हाथ खाली

शनिवार रात वेस्ट एंड रोड निवासी छात्रा रिया से बुलेट सवार बदमाशों ने चेन लूट ली थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। रविवार को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने के बाद बुलेट का धुंधला-सा नंबर मिला है। पुलिस का कहना है कि कुछ अन्य जानकारी भी हाथ लगी हैं। जल्द ही दोनों बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

युवक से मोबाइल छीना: रोहटा रोड पर रविवार को एक युवक से बाइक सवार एक बदमाश ने मोबाइल छीनकर फरार हो गया। युवक ने शोर भी मचाया, मगर जब तक बदमाश फरार हो चुका था। राहगीरों की भीड़ जमा हुई और युवक से प्रकरण जाना। थाने पहुंचकर पीड़ित युवक ने प्रकरण की तहरीर दी है।

chat bot
आपका साथी