Fitness Mantra Meerut: सेहत के लिए कोई समझौता नहीं करते मेरठ के विनेश जैन, प्रतिदिन करते हैं योग
मेरठ के विनेश जैन रात में 10 बजे से 11 बजे के बीच बिस्तर पर चले जाते हैं। सुबह छह से सात बजे वह बिस्तर छोड़ देते हैं। सुबह उठने के बाद वह अपनी छत पर कुछ समय टहलते हैं। फिर आधे घंटे तक वह योगाभ्यास करते हैं।
मेरठ, जेएनएन। सुबह देर तक सोने से हम कुछ चीजों से महरूम रह जाते हैं। सुबह की ताजी हवा हमारी सेहत को ठीक रखती है। कोविड के दौरान लोगों ने अपनी दिनचर्या को बदला है। वह सुबह उठने के बाद लोग घर से निकल कर टहलने लगे हैं साथ ही सुबह उठकर योग का अभ्यास भी कर रहे हैं। जिससे उनकी सेहत में फर्क दिखने लगा है। सदर में रहने वाले फेडरेशन आफ आल इंडिया डिस्ट्रब्यूटर एसोसिएशन के संयोजक विनेश जैन सुबह उठने के बाद आधे घंटे नियमित रूप से टहलते हैं और योग का अभ्यास भी करते हैं।
सोने और उठने का समय नियमित
विनेश जैन रात में 10 बजे से 11 बजे के बीच बिस्तर पर चले जाते हैं। सुबह छह से सात बजे वह बिस्तर छोड़ देते हैं। सुबह उठने के बाद वह अपनी छत पर कुछ समय टहलते हैं। फिर आधे घंटे तक वह योगाभ्यास करते हैं। जिसमें वह भुजंगासन, धनुरासन, व्रजासन करते हैं। कमर दर्द और स्लिप डिस्क की समस्या होने की वजह से उन्होंने योग प्रशिक्षकों की सलाह पर कुछ योग का अभ्यास करना शुरू किया। इसके बाद कमर दर्द और डिस्क की समस्या से राहत मिली है। उनका कहना है साथ ही सुबह टहलने से शुद्ध आक्सीजन मिलता है। जिससे दिन भर ताजगी बनी रहती है। ऐसे में दिन में जितनी भी जल्दी क्यों न हो, आधे से एक घंटे सुबह योग अभ्यास और टहलने में जरूर निकालना चाहिए।
भुजंगासन के फायदे बहुत
योग प्रशिक्षक ओमपाल शास्त्री के अनुसार भुजंगासन के अभ्यास से रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है। शरीर में लचीलापन बना रहता है। अगर वजन अधिक है तो इस आसान से वजन भी कम किया जा सकता है। तनाव और अवसाद से भी यह आसन दूर रखता है। अस्थमा की बीमारी से भी राहत मिल सकता है। हार्ट और फेफड़ों के ब्लाकेज को खोलने में यह आसन बहुत उपयोगी है।