गन्ना मूल्य वृद्धि का किसानों ने किया स्वागत, आय में होगी आठ फीसद की वृद्धि

योगी सरकार ने गन्ना समर्थन मूल्य में 25 रुपये की वृद्धि की है। मेरठ जिले के लगभग सवा दो लाख गन्ना किसानों को इसका लाभ मिलेगा। गन्ना विभाग के अनुसार पेराई सत्र 2021-22 में पिछले सत्र के मुकाबले मेरठ जिले में किसानों को लगभग 230 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान अधिक होगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 08:45 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 08:45 AM (IST)
गन्ना मूल्य वृद्धि का किसानों ने किया स्वागत, आय में होगी आठ फीसद की वृद्धि
गन्ना मूल्य वृद्धि का किसानों ने किया स्वागत, आय में होगी आठ फीसद की वृद्धि

मेरठ, जेएनएन। योगी सरकार ने गन्ना समर्थन मूल्य में 25 रुपये की वृद्धि की है। मेरठ जिले के लगभग सवा दो लाख गन्ना किसानों को इसका लाभ मिलेगा। गन्ना विभाग के अनुसार पेराई सत्र 2021-22 में पिछले सत्र के मुकाबले मेरठ जिले में किसानों को लगभग 230 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान अधिक होगा। पेराई सत्र 2020-21 में जिले की चीनी मिलों ने लगभग 2600 करोड़ का गन्ना खरीदा था। जो अब बढ़कर लगभग 2830 करोड़ हो जाएगा। अब सामान्य प्रजाति का 340 व अगेती प्रजाति का गन्ना मूल्य 350 रुपये प्रति कुंतल किसानों को भुगतान होगा। जनपद में लगभग शत-प्रतिशत अगेती प्रजाति का गन्ना बोया जाता है। वहीं, किसान संगठनों ने 25 रुपये की मूल्य वृद्धि को गन्ना किसानों के साथ धोखा करार दिया है।

योगी सरकार ने अच्छी पहल की है। गन्ने की लागत बढ़ रही है। इसलिए गन्ना मूल्य को लेकर किसानों की आस थी। सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है। चीनी मिलों को समय से भुगतान करने में यह मददगार साबित होगा।

आदित्य शर्मा, गांवड़ा

किसानों ने 360 रुपये मूल्य की उम्मीद लगा रखी थी। लेकिन चार साल के बाद मूल्य वृद्धि होने से किसानों को बेहतर की उम्मीद जगी है। किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

चंद्रहास राणा, जयसिंहपुर

योगी सरकार ने चीनी मिल का पेराई सत्र भी बढ़ाया है। जून तक चीनी मिल चलने से अब गन्ना खेत में नहीं छूटता। सरकार ने गन्ना किसानों के दर्द को समझकर यह निर्णय लिया है। जिसके लिए योगी सरकार बधाई की पात्र है।

वेदव्रत आर्य, मंडौरा

योगी सरकार ने गन्ना मूल्य वृद्धि से किसानों के जीवन में मिठास घोलने का काम किया है। इस गन्ना मूल्य बढ़ोतरी से किसानों की आय में लगभग आठ फीसद की वृद्धि होगी।

अरुण राणा, गन्ना किसान

त्योहारों से पहले गन्ना मूल्य वृद्धि से किसानों को योगी सरकार ने शानदार तोहफा दिया है। किसानों के लिए यह सराहनीय निर्णय साबित होगा। किसानों को चार साल से इंतजार था।

सिद्धार्थ, मवाना चीनी मिल क्षेत्र

गन्ना मूल्य वृद्धि देरी से हुई, लेकिन जो भी मूल्य बढ़ा, वह सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है। सरकार द्वारा चीनी मिलों को भुगतान समय से करने का निर्देश भी जरूर देना चाहिए।

जिलेराम, ग्राम चंदपुरा

सरकार खुद मानती है कि गन्ने पर 350 रुपये से ज्यादा लागत आती है। बावजूद इसके 25 रुपये बढ़ाकर सरकार ने किसानों की आय कौन सी दोगुनी कर दी। सरकार ने किसानों का मखौल उड़ाने का काम किया है। 425 रुपये प्रति कुंतल गन्ने का भाव किया जाए। नए तीनों कृषि कानून वापस हों।

मनोज त्यागी, भारतीय किसान यूनियन

सीएसीपी ने उप्र में गन्ने की औसत लागत कीमत 343 रुपये प्रति कुंतल बताई है। 2017 से 6 प्रतिशत वार्षिक महंगाई दर जोड़ी जाए तो गन्ने का मूल्य आज 421 रुपये होना चाहिए। सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है।

मनीष भारती, जय किसान आंदोलन

chat bot
आपका साथी