किसानों ने बंद नहीं किया था दिल्ली बार्डर, सड़कों पर मनेगी किसानों की दीपावली, मेरठ में बोले-राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे आंदोलन समाप्त नहीं होगा। दीपावली का बड़ा त्यौहार भी किसान सड़कों पर ही मनाएंगे। यही हाल रहा तो होली भी धरना स्थल पर ही मनाएंगे।

By Parveen VashishtaEdited By: Publish:Sun, 31 Oct 2021 05:58 PM (IST) Updated:Sun, 31 Oct 2021 05:58 PM (IST)
किसानों ने बंद नहीं किया था दिल्ली बार्डर, सड़कों पर मनेगी किसानों की दीपावली, मेरठ में बोले-राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मेरठ पहुंचे

मेरठ, जागरण संवाददाता। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुलिस खुद ही बैरिकेडिंग हटा रही है। किसान पहले दिन जहां बैठा था, वह आज भी उसी धरना स्थल पर है।

राकेश टिकैत रविवार को सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचे। वहां उन्होंने सरदार बल्लभ भाई पटेल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मीडिया से बातचीत में टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि कानून को वापस नहीं ले रही है। इस वजह से किसानों को नुकसान हो रहा है। महीनों से किसान गर्मी, सर्दी और बरसात के दिनों में भी धरने पर बैठे हैं, मगर सरकार सुनने को तैयार नहीं है। जब तक कृषि कानून वापस नहीं होगा, आंदोलन समाप्त नहीं होगा। दीपावली का बड़ा त्‍योहार भी किसान सड़कों पर ही मनाएंगे। यही हाल रहा तो आने वाली होली का त्योहार भी किसान धरना स्थल पर ही मनाएंगे।

दिल्ली पुलिस ने बार्डर को अपने तरीके से किया था बंद

एक सवाल के जवाब में टिकैत ने कहा कि दिल्ली के बार्डर को किसानों ने बंद नहीं किया था, दिल्ली पुलिस ने ही बार्डर को अपने तरीके से बंद किया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुलिस खुद ही उन बैरिकेडिंग को हटा रही है। किसान पहले दिन जहां बैठा था, वह आज भी उसी धरना स्थल पर है। रास्ता बंद और खुलने का काम पुलिस कर रही है। किसान तो शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं। राकेश टिकैत का कार्यक्रम शनिवार को अमरोहा में था, जहां से वह रविवार को एक कार्यक्रम में हापुड़ होते हुए सिवाया टोल प्लाजा पर आए। यहां के बाद दौराला हाईवे स्थित हॉस्पिटल में भर्ती भाकियू के एक कार्यकर्ता को देखने पहुंचे। वहां से उनका काफिला दौराला के गांव दशरथपुर पहुंचा, जहां 28 अक्टूबर को हाईवे पर छुटमलपुर डिपो की रोडवेज बस की टक्कर से दशरथपुर गांव निवासी शिवम की मौत हो गई थी, वहां पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। तब हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर दिया था, इस प्रकरण में पुलिस ने अपनी ओर से 12 नामजद और 16 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस पर टिकैत ने कहा कि दीपावली के बाद मुकदमे दर्ज के मामले में दौराला पुलिस से मिलेंगे। राकेश टिकैत लावड़ क्षेत्र के गांव चिंदौड़ी में फौजी राजदीप के घर भी पहुंचे। डेंगू के चलते फौजी की मौत गई थी। उनके स्‍वजन को सांत्वना दी।

chat bot
आपका साथी