शामली में मुकदमें वापस और गन्ने का भाव बढ़ाने की घोषणा से खिले किसानों के चेहरे

सीएम योगी ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की हैं। शामली जिले में 45 किसानों पर दर्ज हैं पराली जलाने के मुकदमें। किसान बोले सरकार की घोषणा से मिलेगी काफी राहत। मुख्यमंत्री ने गन्ने का भाव बढ़ाने की बात ही है।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Thu, 26 Aug 2021 06:56 PM (IST) Updated:Thu, 26 Aug 2021 06:56 PM (IST)
शामली में मुकदमें वापस और गन्ने का भाव बढ़ाने की घोषणा से खिले किसानों के चेहरे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की।

शामली, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की हैं। जिले के किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं और कहना है कि घोषणा लागू होने से काफी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पराली जलाने के दर्ज मुकदमें वापस लेने, गन्ने का दाम बढ़ाने, बकाये होने पर बिजली कनेक्शन न काटने समेत कई घोषणा की हैं। किसानों का कहना है कि हमारी समस्या हल हो जाए, फसल का वाजिब और समय पर दाम मिले तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। मुख्यमंत्री ने गन्ने का भाव बढ़ाने की बात ही है। यह जरूरी भी है, क्योंकि महंगाई से उत्पादन लागत बढ़ी है। नए पेराई सत्र से पहले गन्ने का बकाया भुगतान मिल जाएगा तो काफी राहत मिल जाएगी।

45 किसानों पर दर्ज पराली-पत्ती जलाने का मुकदमा

जिले में वर्ष 2019 में एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक पराली जलाने पर 30 किसानों पर जुर्माना लगाया था और उक्त में से 14 किसानों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। एक से नौ दिसंबर तक 31 किसानों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2020 में 24 किसानों पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। उप निदेशक कृषि डा. शिवकुमार केसरी ने बताया कि मुकदमें वापस लेने के संबंध में शासन स्तर से सबकुछ होना है। अभी तक शासन से इस संबंध में कोई सूचना नहीं मांगी गई है।

इन्‍होंने कहा...

सरकार ने किसान हित में बहुत अच्छे फैसले लिए हैं। सबसे अहम बात यह है कि सरकार गन्ने के दाम में बढ़ोत्तरी करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकाये के संपूर्ण भुगतान का भी भरोसा दिया है।

-सतीश कुमार, गांव टोडा

किसानों के प्रति सरकार गंभीर हुई है, जो राहत की बात है। सरकार ने पराली जलाने पर दर्ज हुए मुकदमें वापस लेने की घोषणा भी की है। गन्ने का भाव बढ़ी उत्पादन लागत के हिसाब से बढ़ जाए जो किसानों की बड़ा फायदा होगा।

-अश्वनी सैनी, कांधला

मुख्यमंत्री की घोषणाओं का निश्चित रूप से किसानों को लाभ होगा और गन्ने का दाम बढ़ने से मुनाफे में भी वृद्धि होगी। सरकार ने किसानों के मन की बात सुनी है। अगर 14 दिन में गन्ने का भुगतान होने लगे तो बड़ी समस्या हल होगी।

-रफाकत, खंद्रावली

ऊर्जा निगम थोड़ा बकाया होने पर ही किसानों के कनेक्शन काट देता है। मुख्यमंत्री ने कनेक्शन नहीं काटने की घोषणा कर बड़ी राहत किसानों को दी है। किसानों को बकाये बिल पर ब्याज न देना पड़े, इसके लिए एकमुश्त समाधान योजना की बात भी कही है।

- प्रवेंद्र कुमार, भैंसवाल

फसल का वाजिब दाम मिले, समय से भुगतान हो और अन्य समस्याओं का हल हो जाए। बस यही तो किसानों की अपेक्षा सरकार से होती है। पिछले सालों में पराली जलाने के नाम पर किसानों पर दर्ज मुकदमें भी अब वापस हो जाएंगे।

-सुखमाल सिंह, गढ़ीपुख्ता

chat bot
आपका साथी