भारत बंद की तैयारी में किसान संगठन, जानिए बंद को लेकर मेरठ में किसान संगठनों के दावे

भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने बताया कि 27 सितंबर को जिले में मुख्य राजमार्गों पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके लिए सात स्थान निर्धारित किए गए हैं। सरकारी कार्यालयों बाजारों को भी बंद करने की अपील भी की जाएगी।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 07:07 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 07:07 PM (IST)
भारत बंद की तैयारी में किसान संगठन, जानिए बंद को लेकर मेरठ में किसान संगठनों के दावे
मेरठ में भारत बंद की तैयारी में भाकियू और अन्‍य किसान संगठन

मेरठ, जागरण संवाददाता। संयुक्त किसान मोर्चा के आहवान पर किसान संगठनों की ओर से 27 सितंबर को भारत बंद की तैयारी की जा रही है। पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर की महापंचायत में यह घोषणा की गई थी। भारतीय किसान यूनियन मेरठ जिले में सात स्थानों पर चक्का जाम करेगा तो वहीं, जय किसान आंदोलन ने व्यापार संघ, मजदूर संघ, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, शिक्षण संस्थाओं से सोमवार को बंद रखने की अपील की है।भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के आदेश पर जिले में मुख्य राजमार्गों पर चक्का जाम लगाया जाएगा। इसमें मेरठ जिले में सात स्थान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सरकारी कार्यालयों, बाजारों को भी बंद करने की अपील भी की जाएगी। जय किसान आंदोलन के पदाधिकारियों ने शनिवार को चैपल स्ट्रीट, मेरठ कैंट में बैठक की। बैठक में उत्तरप्रदेश के व्यापार संघ, मजदूर संघ, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन व शिक्षण संस्थाओं, बार एसोसिएशन आदि से 27 सितंबर के भारत बंद में सहयोग करने की अपील की गई है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मानवेंद्र वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ, देश की संपत्तियों को बचाने के लिए व लोकतंत्र की बहाली के लिए देश के सभी वर्गों को किसानों का साथ देना चाहिए। जय किसान आंदोलन के प्रवक्ता मनीष भारती ने कहा कि मेरठ मंडल अधक्ष राहुल चौधरी के नेतृत्व में गढ़ रोड पर ग्राम भटीपुरा चौराहा पर चक्का जाम किया जाएगा। बैठक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कर्नल जयवीर सिंह की अध्यक्षता व पश्चिम उत्तरप्रदेश अध्यक्ष अशोक पंवार के संचालन में हुई। बैठक में डीपी सिंह, अशोक पवार, राहुल चौधरी, आशीष चौधरी, मनीष यादव, रामकुमार प्रधान व सुदेश पहाड़पुर आदि मौजूद रहे।

हिंद मजदूर किसान समिति की महापंचायत कल

मेरठ। हिंद मजदूर किसान समिति ने रविवार 26 सितंबर को मुजफ्फरनगर में महापंचायत का एलान किया है। 20 दिसंबर को कृषि कानूनों के समर्थन में ट्रैक्टर रैली निकालने वाले संगठन ने जीआइसी के मैदान में महापंचायत को बुलाया है। इस महापंचायत को राष्ट्रप्रेमी मजदूर किसान महापंचायत का नाम दिया गया है। मुख्य अतिथि के रूप में आध्यात्मिक किसान नेता चंद्रमोहन किसानों को संबोधित करेंगे। हिंद मजदूर किसान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में मंच से केवल राजनैतिक बयानबाजी की गई थी, लेकिन उनकी महापंचायत में ऐसा नहीं होगा। उनके कार्यक्रम में केवल किसानों की समस्याओं को लेकर ही चर्चा होगी। बताया कि महापंचायत में किसानों के विषय में गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग, बिजली के दाम कम करने, आवारा पशुओं से नुकसान को रोकने, किसान के ट्रैक्टर पर प्रतिबंध पर रोक, फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाना आदि शामिल हैं। बताया कि महापंचायत में गठवाल खाप के राजेंद्र सिंह मलिक व भानु गुट के पूरण सिंह भी किसानों को संबोधित करेंगे। मेरठ जिले से जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह व सचिव सतीश सिंह ने बताया कि किसानों से संपर्क किया गया है। मेरठ से भी बड़ी संख्या में किसान महापंचायत में रवाना होंगे।

chat bot
आपका साथी