Drug Smuggling: सहारनपुर में छात्र बताकर कमरा किराए पर लिया, करने लगा नशे की तस्करी
सहारनपुर सदर बाजार की जेजे पुरम कालोनी में एक युवक ने खुद को छात्र बताकर कमरा किराए पर लिया। इसके बाद आरोपित युवक नशे की तस्करी करने लगा। शक होने पर लोगों ने की युवक की पिटाई। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल हिरासत में युवक।
सहारनपुर, जेएनएन। सदर बाजार थानाक्षेत्र की जेजे पुरम कालोनी में एक युवक ने खुद को छात्र बताकर कमरा किराए पर लिया। इसके बाद आरोपित युवक नशे की तस्करी करने लगा। कालोनी के लोगों को शक हुआ तो उसका विरोध किया। विरोध पर युवक ने उल्टे कालोनी के लोगों को ही धमकी देनी शुरू कर दी। जिसके बाद कालोनी के लोगों ने एकत्र होकर उसे पकड़ लिया और महिलाओं एवं पुरुषों ने खूब पीटा। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
यह है मामला
दरअसल, सहारनपुर के युवा भी पंजाब की तर्ज पर नशा कर रहे हैं। नशे के तस्करों की यहां पर कमी नहीं है। करीब एक माह पूर्व एक युवक ने जेजे पुरम कालोनी में एक कमरा किराए पर लिया। इस युवक ने मकान मालिक को खुद को छात्र बताया। जिसके बाद युवक रहने लगा। युवक के पास संदिग्ध लोगों का आना जाना होने लगा। मकान मालिक को शक हुआ तो उसने युवक पर नजर रखनी शुरू कर दी। पता चला कि युवक के पास बाहर से कुछ लोग नशे का सामान लेकर आते हैं और फिर युवक इस सामान को आगे सप्लाई करता है। मकान मालिक ने युवक का विरोध किया तो आरोपित ने मकान मालिक को ही धमकी दे डाली। खुद को बदमाश बताया। अपने पास हथियार होने भी बताए। जिसके बाद मकान मालिक ने पूरी कालोनी को एकत्र कर लिया। रविवार की शाम युवक को बुरी तरह से पीटने के बाद सदर बाजार पुलिस को सौंप दिया।
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि युवक के पास नशे का सामान ताे नहीं मिला है, लेकिन युवक से पूछताछ चल रही है। कालोनी के लोगों ने पुलिस को पकड़कर दिया है।