डाक्टर के बेटे ने महिला अधिवक्ता को कार से कुचलने का किया प्रयास

गढ़ रोड स्थित भाग्यश्री अस्पताल के मालिक डाक्टर पंकज त्यागी के बेटे ने साथियों के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट में महिला अधिवक्ता को कुचलने का प्रयास किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 05:30 AM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 05:30 AM (IST)
डाक्टर के बेटे ने महिला अधिवक्ता को कार से कुचलने का किया प्रयास
डाक्टर के बेटे ने महिला अधिवक्ता को कार से कुचलने का किया प्रयास

मेरठ, जेएनएन। गढ़ रोड स्थित भाग्यश्री अस्पताल के मालिक डाक्टर पंकज त्यागी के बेटे ने साथियों के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट में महिला अधिवक्ता को कुचलने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर उनसे व चालक से मारपीट की। पुलिस ने डाक्टर के बेटे व उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। एक युवक भाग निकला। थाने पहुंचे डाक्टर पंकज त्यागी और उनकी पत्नी अंजूल ने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ तस्करा डालकर नोटिस दिया है।

शास्त्रीनगर निवासी डा. पंकज त्यागी के बेटे देव त्यागी का गुरुवार को जन्मदिन था। देव अपने दोस्तों सत्यार्थ शर्मा निवासी नेहरू रोड सिविल लाइन और अनुभव शर्मा निवासी बागपत रोड टीपीनगर के साथ होंडा सिटी कार में जन्मदिन की पार्टी कर रहा था। रात नौ बजे कमिश्नर आवास के पास देव त्यागी ने आगे चल रही इनोवा में पीछे से टक्कर मार दी। इनोवा में सेना के एक कर्नल की पत्नी रीमा पांडेय सवार थीं। कार को चालक चला रहा था। रीमा इलाहाबाद हाईकोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और मवाना रोड स्थित भगत लाइन में रहती हैं। रीमा और उनके चालक ने विरोध जताया तो आरोप है कि देव त्यागी और उसके दोस्तों ने रीमा और उनके चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस भी पहुंच गई। थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर अब्दुल अहमद सिद्दीकी ने बताया कि देव त्यागी, अनुभव शर्मा और सत्यार्थ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। रीमा पांडेय की तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला अधिवक्ता रीमा का आरोप है कि देव त्यागी ने कार से उन्हें कुचलने का प्रयास किया।

इस संबंध में डाक्टर पंकज त्यागी से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने काल रिसीव करने के बाद काट दिया। उन्हें मैसेज भी डाला गया लेकिन कोई जवाब नहीं आया।

डा. पंकज त्यागी व पत्‍‌नी को नोटिस

इंस्पेक्टर ने बताया कि बेटे देव त्यागी की गिरफ्तारी के बाद डा. पंकज त्यागी और उनकी पत्नी अंजूल त्यागी थाने पहुंच गए और हंगामा किया। बेटे को हवालात से बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो अभद्रता की। इंस्पेक्टर ने बताया कि पंकज त्यागी और उनकी पत्नी अंजुला के खिलाफ थाने में तस्करा डाल दिया है। उन्हें नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

इन्होंने कहा--

डा. पंकज त्यागी के बेटे ने महिला अधिवक्ता को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने डाक्टर के पुत्र समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। डाक्टर व उनकी पत्‍‌नी को नोटिस दिया गया है। चौथे युवक की तलाश जारी है।

- अजय साहनी, एसएसपी।

chat bot
आपका साथी