Diwali Fair: मेरठ के भैंसाली मैदान में दिवाली मेले का आयोजन आज से, बच्‍चों के लिए किए खास इंतजाम

Diwali Fair मेरठ में आज से सात दिनों तक आप दिवाली मेले का आनंद ले सकेंगे। लोग मेले में कर सकेंगे दीपावली के सजावटी सामान की खरीदारी डायनासोर वाटर बोटिंग झूलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का उठा लुत्फ सकेंगे। अन्‍य कार्यक्रम भी होंगे।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 09:20 AM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 09:20 AM (IST)
Diwali Fair: मेरठ के भैंसाली मैदान में दिवाली मेले का आयोजन आज से, बच्‍चों के लिए किए खास इंतजाम
भैंसाली ग्राउंड पर आज सांसद राजेंद्र अग्रवाल करेंगे दीपावली मेले का शुभारंभ।

मेरठ, जागरण संवाददाता। योगी सरकार मेरठ सहित प्रदेशभर में पहली बार दीपावली मेले का आयोजन कर रही है। ताकि पटरी दुकानदारों को एक स्थान पर दीपावली के सजावटी सामान को बेचने का स्थान देकर उनके रोजगार को समृद्ध किया जा सके। साथ ही लोगों को दीपावली के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों व विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के साधनों के जरिए पर्व की खुशी मनाने का मौका मिल सके। इसी उद्देश्य के साथ भैंसाली ग्राउंड में दीपावली मेले की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है।

आज शाम को होगा उद्घाटन

नगर निगम परिसर में प्रेसवार्ता के दौरान नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि गुरुवार शाम 5.30 बजे सांसद राजेंद्र अग्रवाल मुख्य अतिथि के तौर पर भैंसाली ग्राउंड स्थित दीपावली मेले का शुभारंभ करेंगे। मेले को विकास दीपोत्सव का नाम भी दिया गया है। मेले में कुल 200 स्टाल लगेंगे। जिसमें 100 स्टाल रेहड़ी पटरी दुकानदारों के होंगे। जो निश्शुल्क प्रदान किए गए हैं। इन दुकानों पर दीपक,मोमबत्ती से लेकर हर तरह की सजावटी सामान मिलेगा। करीब 50 स्टाल सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी के लगेंगे। डूडा, ग्रामीण विकास विभाग, स्वयं सहायता समूह और एनजीओ ये स्टाल लगाएंगे।

इन सबका उठा सकेंगे आनंद

पीएम स्वनिधि योजना का रजिस्ट्रेशन भी होगा। लगभग 50 स्टाल व्यवसायिक होंगे। जिनमें खानपान,फास्ट फूड की दुकानें शामिल होंगी। मेले में सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। जहां पर महिलाएं-बच्चे सेल्फी ले सकेंगे। किंगकांग पार्क में रोबोटिक डायनासोर, कई प्रकार के झूले, वाटर बोटिंग, गेम्स का आनंद बच्चे व बड़े उठा सकेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6.30 बजे से शुरू होकर रात नौ बजे तक चलेंगे। कार्यक्रमों में रोटरी क्लब मेरठ सहयोगी संस्था है। एक दिन लेजर शो कराने की भी तैयारी चल रही है। लेकिन अभी फाइनल नहीं है।

मेले में आज का आकर्षण

- शाम 5.30 बजे मेले का शुभारंभ।

- शाम 6.40 बजे रागिनी का कार्यक्रम।

- रात 7.30 बजे मथुरा का मयूर नृत्य।

किस दिन कौन सा सांस्कृतिक कार्यक्रम

- 29 अक्टूबर को कठपुतली नृत्य (शाम 6.30 बजे से) और वी सम्राट का जादूगर शो (रात 7.00 बजे से)।

- 30 अक्टूबर को राजस्थानी लोक नृत्य (शाम 6.30 बजे से) और गायन कार्यक्रम (रात 7.30 बजे से)।

- 31 अक्टूबर को डांडिया-गरबा नाइट (शाम 6.30 बजे से) और लोक नृत्य (रात 7.30 बजे से)।

- एक नवंबर को कवि सम्मेलन (शाम 6.30 बजे से)।

- दो नवंबर को बृज के दीवाने कार्यक्रम (शाम 6.30 बजे से)।

- तीन नवंबर को संगीत नाइट मनोज वर्मा और डोली शर्मा का कार्यक्रम ( शाम 6.30 बजे से)।

chat bot
आपका साथी