कार्यकर्ताओं को अपनेपन की झप्पी दे गए डिप्टी सीएम

उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कार्यकर्ताओं से सहज संवाद के लिए जाने जाते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:15 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 06:15 AM (IST)
कार्यकर्ताओं को अपनेपन की झप्पी दे गए डिप्टी सीएम
कार्यकर्ताओं को अपनेपन की झप्पी दे गए डिप्टी सीएम

मेरठ,जेएनएन। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कार्यकर्ताओं से सहज संवाद के लिए जाने जाते हैं। रविवार को मेरठ पहुंचे डिप्टी सीएम भाजपा कार्यकर्ताओं को अपनेपन की झप्पी दे गए। सर्किट हाउस परिसर में संबोधन करते हुए जहां कार्यकर्ता को 'डिप्टी सीएम' का ओहदा देकर सम्मान बढ़ाया, वहीं बूथ स्तर के कार्यकर्ता के घर चाय पीकर भी संदेश दिया।

डिप्टी सीएम का एल-ब्लाक शास्त्रीनगर चौराहे पर भाजयुमो ने अध्यक्ष वीनस शर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया। हापुड़ चुंगी पर भी कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। यहां से सर्किट हाउस पहुंचे, जहां मंडल के सभी सांसद-विधायक के अलावा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थी। संबोधन में उन्होंने कहा कि पहले संगठन, और उसके बाद सरकार है, ऐसे में अधिकारियों को कार्यकर्ताओं का सम्मान करना होगा। भाजपाइयों ने ताली बजाकर इस बयान का स्वागत किया। प्रेस वार्ता में भी उन्होंने सांसद के साथ संगठन का हाथ पकड़कर रखा। जनप्रतिनिधियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक की, वहीं कार्यकर्ताओं को भी पूरा वक्त दिया। बाद में दौराला में नंगली पीठ गए, जहां कार्यकर्ताओं का हुजूम था। लौटकर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल के शीलकुंज स्थित आवास पहुंचे, और चाय पी। इसके बाद शंकर आश्रम पहुंचकर क्षेत्र प्रचारक से मिले। पटेलनगर मंडल अध्यक्ष राजीव रस्तोगी के घर पहुंचकर बड़ा संदेश दिया। इसके बाद सम्राट पैलेस स्थित राज राजेश्वरी मंडप में पूर्व भाजपा नेता स्व. जगदीश चौधरी की तेरहवीं में शामिल हुए। डिप्टी सीएम की वजह से सांसद-विधायक समेत सभी बड़े नेता यहां उपस्थिति रहे। फिर सांसद राजेंद्र अग्रवाल के निवास पर चाय पीने गए, और यहां से हापुड़ होते हुए नई दिल्ली के लिए निकल गए। मंच पर भी केशव से मिलते रहे भाजपाई

उपमुख्यमंत्री मंच पर भी पदाधिकारियों से घिरे रहे। संबोधन से पहले केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान से पूरी भावुकता से गले मिले, वहीं संबोधन का आगाज डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के नाम से करते हुए उनका सम्मान बढ़ाया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल को तो अपना बड़ा भाई बताया। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल और जिलाध्यक्ष अनुज राठी को भरपूर तवज्जो दी। मंच के ठीक सामने बैठे विनीत शारदा को देखते ही उनका नाम लिया। इस बीच, सांसद-विधायक के अलावा पदाधिकारी उनसे मिलते रहे। किसी ने गुलदस्ता थमाकर स्वागत किया तो किसी ने उन्हें मांगपत्र सौंपा। संचालन महानगर उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने किया। स्वागत संबोधन सांसद राजेंद्र अग्रवाल व समापन भाषण पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने किया।

chat bot
आपका साथी