Dengue Alert Meerut: वयस्कों को ज्यादा लग रहा डेंगू का डंक, ये लक्षण उभरें तो सतर्क रहें, 32 नए मरीज मिले

Dengue Alert Meerut डेंगू के 78 फीसद मरीज 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के हैं। इस खतरनाक संक्रमण के फैलाव के कारणों और अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया है। किस उम्र एवं लिंग वर्ग में बीमारी का फैलाव कैसा रहायहरिपोर्ट शासन को भेजी गई है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:45 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 08:45 AM (IST)
Dengue Alert Meerut: वयस्कों को ज्यादा लग रहा डेंगू का डंक, ये लक्षण उभरें तो सतर्क रहें, 32 नए मरीज मिले
मेरठ में पांच वर्ष तक के सिर्फ 30 बच्चे डेंगू से हैं संक्रमित।

मेरठ,जागरण संवाददाता। Dengue Alert Meerut मेरठ में डेंगू वायरस फिलहाल बच्चों पर रहम करता नजर आ रहा है। जिले में मरीजों की संख्या करीब एक हजार हो गई, जिसमें पांच वर्ष की उम्र तक के बच्चों की संख्या महज 30 है। उधर, महिलाओं की तुलना में पुरुषों को डेंगू ज्यादा हुआ। वहीं स्‍वास्‍थ्‍य विभाग भी पूरी तरह से चौकन्‍ना है। लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने बताया कि 32 नए मरीज मिले हैं।

मलियाना में करीब 100 मरीज

स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस सेल ने जिले में संक्रमण के फैलाव के विभिन्न कारणों एवं अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया है। किस उम्र एवं लिंग वर्ग में बीमारी का फैलाव कैसा रहा, इसकी भी रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। मलियाना, कंकरखेड़ा, जयभीमनगर, रोहटा, मवाना एवं दौराला में ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। मलियाना में तो डेंगू मरीजों की संख्या सौ तक पहुंच रही है। मलेरिया विभाग ने बताया कि अब तक 80 हजार से ज्यादा घरों में मच्छरों और लार्वा की पड़ताल की गई। एंटी लार्वा अभियान के तहत करीब छह सौ लोगों को नोटिस भेजा गया है। निजी अस्पतालों में बड़ी संख्या में बुखार के मरीज हैं, जिसमें कई में डेंगू पाजिटिव मिला है। स्वास्थ्य विभाग की ढिलाई की वजह से निजी अस्पताल मरीजों की जानकारी भी साझा नहीं कर रहे हैं।

ये लक्षण उभरें तो हो जाएं सतर्क

- तेज बुखार ठंड के साथ, चक्कर और उल्टी-दस्त

- आंख के पिछले हिस्से में दर्द, बीपी और प्लेटलेट कम होना

- पेट में तेज दर्द, लिवर में सूजन

20 अक्टूबर तक के आंकड़े

उम्र वर्ग महिला पुरुष कुल

0-5 वर्ष 10 20 30

6-18 वर्ष 53 134 187

18 वर्ष से ज्यादा 311 421 732

कुल 374 575 949

इनका कहना है

वयस्क घर से ज्यादा समय तक बाहर रहने से वयस्कों में संक्रमण का रिस्क फैक्टर बढ़ता है। पूरी बांह को ढकने वाले कपड़े पहनें। मच्छरदानी लगाएं, और जलजमाव से बचें।

- डा. अखिलेश मोहन, सीएमओ

डेंगू के 32 मरीज मिले, कुल संख्या 981 हुई

मेरठ : डेंगू का तेवर बिगड़ता जा रहा है। संक्रमितों की संख्या एक हजार के आंकड़े को छूने लगी है, वहीं निजी अस्पतालों में बुखार से कई मरीजों ने दम तोड़ा है। उधर, स्वास्थ्य विभाग डेंगू से मौतों को नकारने में जुटा है, जबकि इंचौली क्षेत्र की एक आशा संगिनी की भी बुखार ने जान ले ली। मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने बताया कि 32 नए मरीज मिले हैं। 715 मरीज रिकवर हो चुके हैं, वहीं 266 एक्टिव मरीज हैं। अस्पतालों में 102 मरीजों का इलाज चल रहा है। 164 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

तीन मरीजों की मौत की पुष्टि

गुरुवार को संक्रमित मिले 31 नए मरीजों में 15 देहात एवं 16 शहरी क्षेत्र के हैं। ग्रामीण क्षेत्र के 466, जबकि शहरी क्षेत्र के 515 मरीज मिल चुके हैं। मलियाना में मरीजों की संख्या 96 हो गई है, जबकि रोहटा में 81 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने तीन मरीजों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि निजी अस्पतालों की मानें तो मरने वालों की संख्या दर्जनों में है। 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दस-दस बेडों के वार्ड बनाए गए हैं, लेकिन यहां मरीज भर्ती नहीं हैं।

chat bot
आपका साथी